आरा| व्हीएसआरएस न्यूज: भोजपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के सहयोगी टोला पवार नहर से शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर से आक्रोश भड़क उठा। वे गला दबाकर हत्या करने के बाद शव नहर में फेंके जाने का आरोप लगा रहे थे। गुस्साए ग्रामीणों ने नारायणपुर बाजार स्थित गांधी चौक के समीप शव रखकर आरा-अरवल मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। भाकपा-माले के नेतृत्व में लोग सड़क जाम कर रहे थे। मृतक 28 वर्षीय रामकेवल राम था। वह नारायणपुर थाना क्षेत्र के सहयोगी टोला अनुसूचित जाति टोला निवासी विश्नाथ राम का पुत्र था। पुलिस अधिकारी वार्ता कर जाम हटाने के प्रयास में लगे है। सड़क जाम व हंगामे के कारण आरा-अरवल मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।
रात में घर से निकला था युवक, सुबह मिला शव
मिली जानकारी अनुसार रामकेवल राम गुरुवार की रात घर से निकला था। लेकिन, फिर वापस नहीं लौटा। इस दौरान स्वजनों ने काफी खोजबीन की। लेकिन, कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच शुक्रवार की सुबह नहर से युवक का शव बरामद होते ही लोग आक्रोशित हो गए। नहर से शव निकाले जाने के बाद आक्रोशित लोग रोड पर आ गए। आरा-अरवल मार्ग को जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। बाद में सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष निकुंज भूषण भी वहां पहुंच गए। पुलिस के अनुसार शव नहर के पानी में पड़ा हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा।
महिलाएं भी उतर गई सड़क पर
आपको बताते चले कि सहयोगी टोला निवासी युवक का शव मिलने के बाद महिलाएं भी सड़कों पर आ गई। ग्रामीणों के साथ टोले की महिलाएं भी बीच सड़क पर बैठकर हंगामा करने लगीं। मृतक के स्वजनों को मुआवजा दिए जाने और हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग लोग कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है।समाचार लिखे जाने तक पुलिस मौके पर कैंप कर रही थी।