दरभंगा| व्हीएसआरएस न्यूज: वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के खतरों के निबटने के लिए राज्य सरकार गंभीर है। अब एयरपोर्ट से बिना कोविड-19 निगेटिव रिपोर्ट के यात्री बाहर नहीं निकलेंगे। बुधवार से शुरू हुई जांच के पहले दिन मुंबई से आने वाली फ्लाइट्स के यात्रियों की कोविड-19 जांच की गई। इस दौरान सभी की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई। सामुदायिक चिकित्सा केंद्र रनवे-केवटी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ. निर्मल कुमार लाल के नेतृत्व में टीम ने मुंबई से आने वाले यात्रियों की रैपिड एंटीजन किट से जांच की।
जिला स्वास्थ्य प्रबंधक विशाल कुमार ने बताया कि मुंबई से आने वाले करीब 121 यात्रियों की जांच की गई। सभी यात्रियों ने कोरोना जांच की निगेटिव रिपोर्ट दिखाई। इसके बाद सभी को बाहर निकलने दिया गया। जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इधर, दरभंगा जंक्शन पर पचास से अधिक यात्रियों की रैपिड एंजीटन टेस्ट की गई। सभी रिपोर्ट निगेटिव आई है। देर रात मुंबई से पहुंचने वाली ट्रेन से उतरने वाले सभी यात्रियों की रैपिड जांच की जाएगी। टीमें जंक्शन पर तैनात की गई है। फिलहाल मुंबई से आने वाले यात्रियों पर विशेष नजर है। इधर, एयरपोर्ट पर चल रहे कोविड-19 जांच का प्रभारी जिलाधिकारी सह उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया ने जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी यात्रियों को शारीरिक दूरी एवं मास्क लगाने को कहा गया। मौके पर सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार सिन्हा, डीपीएम (स्वास्थ्य) विशाल कुमार, प्रखंड विकास बीडीओ मो. महताब सहित डॉ. सतीश कुमार, बीएचएम दीपक कुमार, लैब टैक्नेशियन विनय कुमार सिंह व महेश कुमार, अमित कुमार एवं देवनारायण यादव आदि मौजूद थे। बता दें कि कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने महाराष्ट्र, केरल एवं पंजाब राज्य से आने वाले यात्रियों का रैपिड एंटीजन जांच कराने का निर्देश दिया था।