बगहा | व्हीएसआरएस न्यूज: एनएच 727 मुख्य मार्ग में बहुआरवा फार्म के नजदीक आज मंगलवार की सुबह एक तेज रफ्तार में जा रही बस ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे उस पर पीछे बैठे युवक की मौत हो गई और बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की बुधवार से मैट्रिक की परीक्षा थी। दुर्घटना के बाद बस चालक भाग निकला।
मिली जानकारी अनुसार रामनगर थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव से सोमवार की रात चौतरवा शरणार्थी कॉलोनी में सुशील भूमिक के घर बरात आई थी। बरात में दूल्हे के चचेरे भाई विक्रम मंडल व विराज मंडल भी आए थे। मंगलवार की सुबह विक्रम अपने भाई विराज की बाइक नंबर बीआर 22 एआर 3243 से वापस अपने घर वापस लौट रहा था। रास्ते में चौतरवा व परसौनी के बीच बहुआरवा फार्म के नजदीक पहुंचा था कि तभी बगहा से बेतिया की ओर जा रही एक प्राइवेट बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। जिसमें सवार विराज मंडल की मौत घटना स्थल पर ही हो गई।
जबकि बाइक चला रहा उसका भाई विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल को अस्पताल में भेजवाया। दुर्घटना की जानकारी जैसे ही बरातियों को हुई। वहां कोहराम मच गया। सूचना के बाद घर वाले भी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंच गए। थानाध्यक्ष विनय मिश्र ने कहा कि बस के बारे में पता किया जा रहा है। आवेदन के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
आज मैट्रिक परीक्षा में शामिल होना था
आपको बताते चले कि विराज मंडल की कल बुधवार से बेतिया में मैट्रिक की परीक्षा शुरू थी। इसलिए वह सुबह ही बरात से बाइक से चल दिया। दुर्घटना के बाद घर वालों के आंसू रुक नहीं रहे हैं। कोहराम मचा है।