आरा| व्हीएसआरएस न्यूज: भोजपुर जिले के अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के तेलाढ़ गांव में शुक्रवार की देर रात अवैध शराब की बरामदगी के लिए छापेमारी करने गई पुलिस पर पथराव कर दिया गया। इस घटनाक्रम में तीन-चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस दौरान एक बुजुर्ग ग्रामीण की मौत होने से आक्रोशित ग्रामीण शनिवार की सुबह सड़क पर उतर गए। आक्रोशित ग्रामीण तेलाढ़ के समीप सड़क जाम कर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। मृतक के परिवार ने पुलिस पर पिटाई करने का आरोप लगाया है। मृतक 70 वर्षीय श्रीभगवान पासवान तेलाढ़ गांव के निवासी थे। पीरो डीएसपी अशोक आजाद मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन कर रहे हैं। सड़क जाम और हंगामे के कारण विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो गई है। पुलिस के अनुसार पथराव के मामले में दो दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार अगिआंव बाजार के तेलाढ़ गांव में अवैध शराब की बिक्री की सूचना मिली थी। इसके आधार पर अगिआंव बाजार थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार शुक्रवार की रात सशस्त्र बल के साथ छापेमारी करने गए थे। इस दौरान आरोप है कि शराब पकड़ने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इससे छापेमारी में शामिल तीन-चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। बाद में वरीय पदाधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद सहयोग में आसपास के तीन-चार थानों को भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने दो दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया।
वही सूचना मिलने पर पीरो डीएसपी अशोक कुमार आजाद वहां पहुंच गए हैं। मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस के अनुसार मारपीट संबंधी आरोप गलत हैं। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट से सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी। पुलिस पर पथराव के मामले में पकड़े जाने के बाद बेवजह मामले को तूल दिया जा रहा है।
आपको बताते चले कि ग्रामीणों का आरोप हैं कि छापेमारी के दौरान पुलिस द्वारा घर में घुस कर महिलाओं समेत लोगों की पिटाई की गई है। ग्रामीणों के मुताबिक पुलिस की पिटाई से ही 70 वर्षीय बुजुर्ग श्रीभगवान पासवान की मौत हो गई है। शनिवार की सुबह से ही ग्रामीणों ने शव के साथ रोड जाम कर दिया है। दोषियों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।