नवादा। व्हीएसआरएस न्यूज: कोढ़ा गिरोह के अपराधी शहर में सक्रिय हैं। तमाम पुलिसिया चौकसी के बावजूद ये घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। लगातार तीसरे दिन शुक्रवार को कोढ़ा गिरोह ने पुलिस को चुनौती दी है। हालांकि इस बार गिरोह के दो सदस्य आमजनों के हत्थे चढ़ गए। लोगों ने दोनों बदमाशों की जमकर पिटाई कर दी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची और बदमाशों को उग्र भीड़ से बचाया। पकड़े गए बदमाशों में कटिहार जिले के कोढ़ा जुराबगंज का राज यादव और अविनाश यादव शामिल है। उनकी बाइक भी बरामद कर ली गई। दोनों का इलाज पुलिस करा रही है।
बाइक से लौटते समय झपटा था बैग
मिली जानकारी अनुसार अकबरपुर थाना क्षेत्र के बरेव गांव निवासी शैलेश सिंह ने स्टेट बैंक की मुख्य शाखा से छह लाख रुपये की निकासी की थी। रुपये को बैग में रखकर बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी बीच अनुमंडल कार्यालय के गेट के समीप बदमाशों ने रुपये से भरा बैग झपट लिया। इसपर शैलेश सिंह ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनते ही लोग दौड़े। दोनों बदमाशों को दबोच लिया। उनकी जमकर पिटाई शुरू कर दी।
अधिकारियों के आवासीय परिसर में घुसे अपराधी
आपको बताते चले कि जान बचाने के लिए दोनों बदमाश भाग कर साहेब कोठी गली स्थित अधिकारियों के सरकारी आवास के परिसर में घुस गए। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ उपेंद्र प्रसाद तत्काल वहां पहुंच गए। तत्काल दोनों बदमाशों को पकड़ कर नगर थाना की पुलिस को सौंप दिया गया। इधर, बरेव निवासी शैलेश ने बताया कि उनकी भतीजी की शादी होने वाली है। शादी की तैयारियों को लेकर स्टेट बैंक से रुपये की निकासी की थी। दोनों बदमाश रुपये लेकर चंपत हो जाते, लेकिन वहां रही भीड़ ने उन्हें घेर लिया। जिससे पैसे बच गए। बता दें कि इन दिनों शहर में कोढ़ा गिरोह की सक्रियता काफी बढ़ी हुई है। जिससे आमजन परेशान हैं।