दरभंगा| व्हीएसआरएस न्यूज: दरभंगा से रांची जा रही मां भवानी बस गुरुवार की अहले सुबह कोहरे के कारण जीटी रोड पर मायापुर में एक लाइन होटल के सामने खड़े टेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें आठ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें बाराचट्टी सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां एक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मधुबनी जिले के खुटौना थाना क्षेत्र निवासी 60 वर्षीय झमेली कामत के रूप में की गई।
वही बस में सवार समस्तीपुर निवासी यात्री सरोज कुमार ने बताया कि वे ऊपर स्लीपर में सोए हुए थे। अचानक तेज झटके से आंख खुली तो बस में चीखपुकार मची थी।सभी के चेहरे पर खौफ पसरा था। वहां पास के होटल से लोग दौड़े। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना पाकर बाराचटटी थाने की गश्ती दल पहुंची। इसके बाद समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एंबुलेंस मंगवा कर सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि हादसे में रूबी कुमारी नामक लड़की का दोनों पांव कुचल गया है। उन्हें गया मगध मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
आपको बताते चले कि मायापुर के निकट दुर्घटनाग्रस्त हुई बस पर सवार मधुबनी के खुटौना निवासी डोमन कामत के पुत्र झमेली कमात की मौत हो गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि घायलअवस्था में झमेली कामत को अस्पताल लाया गया तो उनकी स्थिति ठीक थी। लेकिन बातचीत के दौरान ही उनकी मौत हो गई। उनके गांव के रामप्रकाश यादव की पत्नी उर्मिला देवी भी घायल हैं। उर्मिला देवी ने बताया कि वे दोनों इलाज कराने के लिए रांची जा रहे थे। दवा खत्म हो गई थी।
इस बारे में बाराचट्टी थाने के एएसआइ कृष्ण कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद सभी घायलों को स्थानीय लोगों एवं अन्य यात्रियों के सहयोग से बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। बस में कुल 52 यात्री सवार थे। उनमें से सात की स्थिति गंभीर बनी है।