मुजफ्फरपुर| व्हीएसआरएस न्यूज: मुजफ्फरपुर जिले के कुढऩी थाना के रामपुर हाट के समीप शुक्रवार की रात परैया निवासी प्रभाकर झा (38) को अपराधियों ने गोली मार दी। गंभीर हालत में इलाज के लिए बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बाघी चौक पर उनकी खाद-बीज की दुकान है।
घटना के बारे में मिली जानकारी अनुसार व्यवसायी करीब आठ बजे अपनी दुकान बंद कर अपने घर जा रहा था। रामपुर हाट एवं परैया पोखर के बीच सुनसान जगह पर उन्हेंं अपराधियों ने घेर कर गोली मार दी। उन्हें चार गोली मारी गई। इससे वे गंभीर रूप से जख्मी होकर वहीं गिर गए। इसके बाद अपराधी फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर आसपास के लोगों ने उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना स्थल पर लोगों ने बताया कि वे प्रतिदिन रात में अपनी दुकान बंद कर घर लौटते थे। इधर, सूचना मिलते ही कुढऩी थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया गया। शव के पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा कि कितनी गोली लगी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
आपको बताते चले कि उनके साथ दो बार लूटपाट की घटना हो चुकी थी। घटनास्थल से एक किलोमीटर पहले नून नदी पुल के पश्चिमी भाग पर अज्ञात अपराधियों ने बाइक रोककर लूटपाट की थी। इससे पूर्व भी उनकी बाइक लूटने का प्रयास किया गया था। दो बार तो वे बच निकले, लेकिन शुक्रवार की रात की घटना में उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के स्वजन की ओर से लिखित शिकायत पर अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।