पटना। व्हीएसआरएस न्यूज: नव गठित बिहार विधानसभा के इस सत्र के आखिरी दिन कृषि बिल के खिलाफ बिहार विधानसभा के बाहर विपक्षी दलों के विधायकों ने जोरदार हंगामा किया| विरोध कर रहे विधायकों का कहना था कि यह सरकार किसान विरोधी है| अगर हम लोगों की मांग को यह सरकार नहीं सुनेगी तो यह आंदोलन सदन से सड़क तक जायेगा| विपक्षी दलों के विधायकों के इस विरोध प्रदर्शन के कारण काफी देर तर बाहरी परिसर के साथ ही सदन के अंदर भी काफी शोर शराबा होता रहा|
मिली जानकारी के अनुसार बिहार विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर वाद-विवाद शुरू हुआ| पूर्व मंत्री श्रवण कुमार ने सत्ता पक्ष की ओर से धन्यवाद प्रस्ताव रखा जिसके बाद कृषि बिल वापस लेने की मांग को लेकर विपक्ष नारेबाजी करते हुए वेल में उतर पड़े| विधानसभा अध्यक्ष के आग्रह पर विपक्ष के सदस्य अपनी-अपनी सीटों पर लौटे|
वहीं, किसानों को लेकर विपक्षी दलों के विधायकों के द्वारा सदन के बाहर और अंदर किये गए हंगामा को कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने बेतुका करार दिया| कृषि मंत्री का कहना है कि हमारी सरकार किसानों के हित को देखते हुए लगातार काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी| वहीं, सीमांचल में वर्षो से हो रहे कटाव को लेकर आज AIMIM के विधायकों ने विधानसभा के बाहर हंगामा किया|
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि उनकी पार्टी किसानों के साथ है। कृषि संशोधन कानूनों के खिलाफ राज्य सरकार को विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र के पास भेजना चाहिए। राजद ने धान खरीद में भी धांधली का आरोप लगाया और न्यूनतम सरकारी समर्थन मूल्य पर धान बिक्री की व्यवस्था के साथ किसानों को अतिरिक्त बोनस देने की मांग की। राजद विधायक भाई वीरेंद्र का कहना था कि सरकारी समर्थन मूल्य पर बिहार में धान की खरीदारी केवल कागजों में हो रही है। किसान परेशान हैं। बिचौलिए मस्त हैं। खरीद एजेंसियों को भारी मुनाफा हो रहा है। राजद ने विधानसभा चुनाव के दौरान भी केंद्र के कृषि संशोधन कानूनों का विरोध किया था और अपने घोषणा पत्र में इस मुद्दे को शामिल किया था।
आपको बताते चले सत्र के तीसरे दिन बिहार विधानसभा के अध्यक्ष का चुनाव हुआ और चौथे दिन की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से हुई, जिसमें सरकार के विकास के रोडमैप को रखा गया| ऐसे में विपक्ष जहां किसानों के मुद्दों को लेकर मुखर है वहीं राजद की ओर से 19 लाख लोगों को रोजगार के मुद्दे को लेकर आक्रामकता दिख रही है|