टिकारी। व्हीएसआरएस न्यूज: गया जिले के टिकारी प्रखण्ड क्षेत्र के जलालपुर ग्राम में शुक्रवार से श्रीमद भागवत सप्ताह सह लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का शुभारंभ होगा। इस धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ कलश सह शोभा यात्रा एवं जलभरी से होगा। यज्ञ के आयोजकों ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। गांव का माहौल अभी से भक्तिमय हो गया है। लोग उत्साह से भरे हुए हैं।
दो किलोमीटर पैदल चलकर करेंगे जलभरी
यज्ञ स्थल गांव स्थित काली मंदिर परिसर से श्रद्धालु कलश उठाएंगे। वे गाजे-बाजे के साथ दो किमी पैदल चलकर मोरहर नदी किनारे स्थित प्रसिद्ध पंचदेवता घाट पहुंचेंगे। वहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच जलभरी का अनुष्ठान किया जाएगा। कलश यात्रा में लगभग 351 कलश लेकर महिलाएं व कन्याएं शामिल होंगी। वहां से लौटने के बाद कलश स्थापित करने के बाद यज्ञ की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी। इस धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य रूप से श्री राम प्रपत्राचार्य जी महाराज शामिल होंगे। उन्हीं की देख रेख में सभी यज्ञ कार्य संपादित होंगे। उन्हीं के सानिध्य में संत महात्माओं द्वारा सप्ताह भर तक प्रवचन, आरती व फेरी का धार्मिक गतिविधियां सम्पन्न होगी। यज्ञ का समापन 8 अप्रैल को दिन में भंडारा और रात्रि में भक्ति जागरण के साथ होगा।
यज्ञ के मुख्य कार्यक्रम इस प्रकार है
- 2 अप्रैल जलाहारण, मंडप एवं भागवत परायण
- 4 अप्रैल अग्नि स्थापना
- 8 पूर्णाहुति
इसके साथ ही प्रतिदिन यज्ञ फेरी, प्रवचन, भजन-कीर्तन, आरती आदि कार्य संपादित होंगे। इस धार्मिक आयोजन को लेकर जलालपुर सहित आसपास के गांव में खूब उत्साह देखा जा रहा है। यज्ञ स्थल पर भव्य एवं सुंदर मंडप का निर्माण किया गया है। आयोजन को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है। लोग अभी से ही भक्ति में लीन होने लगे हैं। शोभायात्रा को लेकर आयोजन समिति के सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई है। गाजे-बाजे के साथ निकलने वाली शोभायात्रा के दौरान रास्ते में कोई परेशानी नहीं हो इसको लेकर सजग रहने का निर्देश दिया गया है।