गोपालगंज । व्हीएसआरएस न्यूज: यह गांव बरौली नगर में ही आता है। लेकिन, अब यहां के लोगों का बरौली बाजार आने जाने का रास्ता कठिन हो गया है। बाढ़ में कटे संपर्क पथ ने बरौली नगर के मोहनपुर आने जाने का डगर कठिन कर दिया है। इस गांव का संपर्क पथ कटने से आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए यहां के लोगों ने कटी सड़क पर चचरी का पुल बनाया है। इसी पुल से होकर लोग आते जाते हैं। लेकिन, चचरी पुल से होकर आना जाना यहां के लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। चचरी पुल से गिरने से मोहनपुर के एक अधेड़ की मौत हो चुकी है। लोगों कटी सड़क को ठीक करने के लिए नगर पंचायत को कई बार आवेदन दिया। लेकिन, अब तक कटी सड़क को ठीक करने की दिशा में पहल नहीं की गई है।
सारण तटबंध टूटने से आई विनाशकारी बाढ़ की चपेट में बरौली नगर पंचायत भी आ गया था। नगर के वार्ड 20 व 21 में बाढ़ का असर सबसे अधिक पड़ा। बाढ़ के पानी की तेज धारा में मोहनपुर वार्ड 20 व 21 में जाने वाला संपर्क पथ कट गया। यहां के लोग बताते हैं कि बरौली-विशुनपुरा मुख्य पथ से मोहनपुर जाने के लिए संपर्क पथ है। बाढ़ में संपर्क पथ कट गया है। जिससे संपर्क पथ से आवागमन ठप हो गया है। संपर्क पथ कटने के बाद इन दोनों वार्ड के लोगों को विशनपुरा पथ से तीन किलोमीटर घूम कर अपने बरौली बाजार आना जाना पड़ा है। जिसे देखते हुए यहां के लोगों ने जहां संपर्क पथ कटा है, वहां चचरी का पुल बना दिया।
आपको बताते चले कि चचरी पुल से होकर गुजरना जानलेवा साबित हो रहा है। एक सप्ताह पूर्व बाजार से चचरी पुल से होकर घर लौट रहे मोहनपुर निवासी 55 वर्षीय अंबिका राम की चचरी पुल से गिरने से मौत हो गई। यहां के लोग बताते हैं कि बाढ़ में कटे संपर्क पथ को ठीक करने के लिए नगर पंचायत को कई बार आवेदन दिया गया। लेकिन कटे संपर्क पथ को ठीक करने की दिशा में अब तक कोई पहल नहीं की गई है। लोग जान हथेली पर लेकर चचरी पुल से होकर अपने घर आ जा रहे हैं।