औरंगाबाद | व्हीएसआरएस न्यूज: मौला बाग में सोन नहर पुल के पास रविवार की सुबह करीब पांच बजे ड्यूटी पर तैनात बिहार गृह रक्षक के जवान सत्येंद्र यादव (58) की पिकअप से कुचलकर मौत हो गई। इस हादसे में पिकअप का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां मौजूद एक अन्य जवान भी मामूली रूप से जख्मी हो गया। मृतक होमगार्ड हवान औरंगाबाद जिला के फेसर थाना के थेंघवा गांव के निवासी थे।
बैगन लदी पिकअप ने मारी टक्कर
मिली जानकारी अनुसार पुरानी शहर वार्ड संख्या पांच कदमतल से पिकअप (बीआर02 जीबी 8976) पर बैगन लादकर चालक प्रिंस कुमार (22) कहीं पहुंचाने जा रहा था। नहर पुल के पास पिकअप बेकाबू हो गई और पेड़ से टकरा गई। वहां बैठे सत्येंद्र यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सिपाही विजय कुमार सिंह भी जख्मी हो गए। इधर पेड़ से जोरदार टक्कर के कारण पिकअप का चालक भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। आसपास के लोगों की मदद से सभी को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। विजय कुमार सिंह इलाज के बाद वापस अपने बैरक में आ गए है।
पिकअप चालक की स्थिति गंभीर
वही पिकअप चालक प्रिंस कुमार का इलाज भखरुआं स्थित अरविंद अस्पताल में किया जा रहा है। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटनास्थल पर पहुंचे इंस्पेक्टर विजयेंद्र कुमार सिंह, थानाध्यक्ष अरविंद कुमार गौतम शव को थाने पर ले आए। मृतक के परिजन थाना अपर पहुंच चुके हैं। अंत्य परीक्षण की प्रक्रिया की जा रही है। इधर सत्येंद्र यादव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।