नवादा| व्हीएसआरएस न्यूज: नगर के अतोआ रोड स्थित मानस भारती एजुकेशनल कॉम्पलेक्स में इंटर परीक्षा की ड्यूटी कर रहे एक शिक्षक की मौत हो गई। मृतक शिक्षक दीपक कुमार गया जिले के रहने वाले थे। वे गया शहर के एपी कॉलोनी निवासी उमेश्वर सिंह के पुत्र थे। वे नवादा शहर में नगर मध्य विद्यालय में शारीरिक शिक्षक के तौर पर पदस्थापित थे। बताया गया कि बीमारी से उनकी मौत हुई। घटना को लेकर शिक्षकों में मायूसी पसर गई है।
परीक्षा के दौरान बिगड़ गई तबीयत
मिली जानकारी के अनुसार कई दिनों से वे बीमार चल रहे थे। बावजूद उन्हें इंटर परीक्षा में ड्यूटी दे दी गई थी। परीक्षा के दौरान उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई। इसके बाद केंद्राधीक्षक ने जिला नियंत्रण कक्ष को सूचना दी। तब वहां मेडिकल टीम भेजी गई। उन्हें एंबुलेंस से सदर अस्पताल लाया गया। लेकिन तबतक उनकी मौत हो गई। शिक्षक की मौत के खबर मिलते महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही नगर मध्य विद्यालय के शिक्षक वहां पहुंच गए।
इस बारे मे स्कूल के शिक्षकों ने बताया कि दीपक कुमार गया से ही आना-जाना किया करते थे। वे काफी दिनों से बीमार थे। स्कूल के प्राचार्य अशोक कुमार ने बताया कि शिक्षक दीपक की तबीयत खराब रह रही थी। विभाग से अनुरोध किया गया था कि उन्हें परीक्षा में ड्यूटी नहीं दी जाए। पर इस अनुरोध को अनसुना कर दिया गया। वे वर्ष 2007 से स्कूल में पदस्थापित थे। मृतक शिक्षक के स्वजनों से संपर्क किया जा रहा है।