गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र के गवंदरी फकीराना गांव में अचानक हुई अगलगी में एक आवासीय झोपड़ी जलकर राख हो गई। झोपड़ी में सो रही एक महिला भी गंभीर रूप से झुलस गई। वहीं दो बकरियां जलकर मर गई हैं। इस घटना में अनाज, कपड़ा, जेवर व चार हजार रुपए नगद भी जल गया है।
बताया गया है कि गवंदरी गांव के धर्मनाथ राम के घर में अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे आग बुझाने का प्रयास करने लगे। काफी मशक्कत करने के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते आग की लपटें पूरी आवासीय झोपड़ी में लग गई। जिससे हजारों रुपए की संपत्ति जलकर राख हो गई। इस घटना में धर्मनाथ राम की पत्नी कलावती देवी गंभीर रूप से झुलस गई।
इलाज के लिए उसे स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया। घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ भी जुट गई थी।