शिवहर | व्हीएसआरएस न्यूज: होली को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। पंचायत चुनाव और कोरोना की दूसरी लहर के बीच जिले में होली का शांतिपूर्ण आयोजन कराना प्रशासन के लिए चुनौती से कम नही है। हालांकि, डीएम और एसपी की ओर से होली को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। बड़ी संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल की प्रतिनियुक्ति की जा रही है। साथ ही थाना और अनुमंडल स्तर पर शांति समिति की बैठक का आयोजन कर सामाजिक सदभाव के बीच होली की तैयारी जारी है। इस क्रम में तरियानी प्रखंड के हिरम्मा थाना परिसर में थानाध्यक्ष कमलेश कुमार महतो की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। जिसमें थानाध्यक्ष ने कहा कि, इस बार होली पर कोई सामूहिक आयोजन नहीं होगा। द्विअर्थी गीत नहीं बजेंगे। डीजे पर प्रतिबंध रहेगा। शराबबंदी का शत प्रतिशत पालन किया जाएगा।
होली के दौरान किसी भी विवादित स्थल पर कोई कार्यक्रम नहीं होगा। कानून का हर हाल में पालन होगा। साथ ही कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मौजूद जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को अपने-अपने गांव की शांति की जिम्मेदारी सौंपी। वहीं कहा कि, होली रंगों का पर्व है। ऐसा कुछ नहीं करें, जिससे कि, जीवन बदरंग हो और दूसरों की शांति और उत्साह में खलल उत्पन्न हो। उन्होंने कहा कि, ऐसा कुछ भी नहीं करें, जिससे दूसरों की भावना को चोट पहुंचे। कहा कि, शराब का अवैध निर्माण, भंडारण, उपयोग और बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
कही भी किसी प्रकार की सूचना पुलिस को तुरंत दें। कहा कि होली के दौरान थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में दंडाधिकारी के नेतृत्व में सशस्त्र बल तैनात रहेंगे। इसके अलावा गश्ती दल लगातार भ्रमण करती रहेगी। शिवहर में होली को लेकर प्रशासन किसी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं करेगा। त्योहार के दौरान हंगामा करने वालों पर कार्रवाई करेगा ।