भोजपुर| व्हीएसआरएस न्यूज: भोजपुर जिले के आरा शहर में शनिवार की दोपहर एक प्राइवेट अस्पताल की दो मंजिला छत से गिरकर एक बुजुर्ग महिला घायल हो गई। गंभीर रूप से जख्मी महिला ने सदर अस्पताल, आरा के इमरजेंसी कक्ष में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका 60 वर्षीय धन दुलारी देवी रोहतास जिले के दावथ थाना के पटखौलिया गांव निवासी भगवान सिंह की पत्नी थी। उसके सिर में गंभीर चोटें आई थीं। मौत के बाद कोहराम मच गया। संतुलन बिगड़ने के दौरान गिरने से मौत होने की बात सामने आ रही है। हादसे को लेकर काफी देर अफरातफरी मची रही।
शादीशुदा बेटी के प्रसव को लेकर आई थी अस्पताल
मिली जानकारी अनुसार रोहतास जिले के दावथ थाना के पटखौलिया गांव निवासी श्रीभगवान सिंह की पुत्री कुसुम देवी की शादी करीब छह साल पहले भोजपुर जिले के पीरो अनुमंडल अन्तर्गत सकरी, रामनगर निवासी देवमुनी सिंह के पुत्र मनोज कुमार सिंह के साथ हुई थी। इधर, कुसुम देवी के प्रसव को लेकर 30 जनवरी को जज कोठी-पकड़ी रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आपरेशन के दौरान प्रसव हुआ था। बेटी के प्रसव को लेकर धन दुलारी देवी तीन-चार दिन पहले आरा आई थी।
आपको बताते चले कि बुजुर्ग महिला धन दुलारी देवी शनिवार की दोपहर प्राइवेट अस्पताल की छत पर कपड़ा फैलाने गई हुई थी। इस दौरान संतुलन बिगड़ने के दौरान दो मंजिला छत से नीचे गिरकर वो घायल हो गई। जिसके बाद भीड़ जमा हो गई। बाद में गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा के इमरजेंसी कक्ष में लाया गया। जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। साथ आए समधी देवमुनी सिंह ने बताया कि फोन कर स्वजनों को सूचना दे दी गई है। स्वजन रोहतास से आरा के लिए चल दिए हैं।