पटना| व्हीएसआरएस न्यूज: बिहार विधानसभा में इन दिनों जारी हंगामा व आरोप-प्रत्यारोप के बीच एक अच्छी खबर आई है। विधानसभा में सकारात्मक विमर्श के स्तर एवं कार्यप्रणाली को सुधारने के लिए प्रत्येक साल उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एक विधायक को सम्मानित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने विधानसभा में शुक्रवार को इसकी घोषणा की।
लोकसभा की तरह विधानसभा में भी चुने जाएंगे उत्कृष्ट विधायक
बिहार विधानसभा में प्रश्नोत्तर काल के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा में उत्कृष्ट सांसद चुने जाने की परिपाटी रही है, लेकिन बिहार में ऐसा नहीं होता है। जरूरी है कि हम सकारात्मक विमर्श के लिए सदस्यों को प्रेरित-प्रोत्साहित करें। सकारात्मक विमर्श के स्तर एवं कार्यप्रणाली में सुधार के लिए हर साल एक विधायक को सम्मानित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उत्कृष्ट विधायक का चयन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।
सदन में हल्ला-हंगामा की संस्कृति पर लगाम लगने की उम्मीद
दरअसल हाल के वर्षों में सत्र के दौरान सदन में हल्ला-हंगाम की संस्कृति बढ़ती जा रही है। इस दौरान विधायी कार्य प्रभावित होता है और सदन की प्रतिष्ठा पर भी आंच आती है। बिहार विधानसभा के जारी सत्र में भी हंगामा के दौरान कई ऐसे पल आए है, जब मर्यादा तार-तार होती दिखी है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंत्री प्रमोद कुमार के मंत्री बनने की योग्यता पर सवाल कर बवाल कर खड़ा दिया।
वही मंत्री सम्राट चौधरी ने विधानसभा अध्यक्ष को ही अमर्यादित तरीके से संबोधित कर दिया, जिसके लिए बाद में उन्हें माफी मांगनी पड़ी। इस घटना के कारण सदन की कार्यवाही घंटों ठप रही। उम्मीद की जा रही है कि उत्कृष्ट विधायक चुने जाने की चाह विधायकों को अपने व्यवहार को संयमित रखने के लिए प्रेरित करेगी।