पटना| व्हीएसआरएस न्यूज: बिहार में तापमान गिरना जारी है। इन दिनों सुबह में बर्फीली हवाएं चलने और वातावरण में कोहरा रहने के कारण काफी ठंड पड़ रही है। कड़ाके की ठंड में अलाव लोगों का सहारा बना हुआ है। शुक्रवार की सुबह से पटना सहित जगह-जगह कोहरा छाया हुआ है। नवादा, गया व सासाराम सहित कई जगह सुबह में बारिश भी हुई। इसके पहले गुरुवार को भी दोपहर तक कोहरे व बादलों से सूरज ओझल रहा। ऐसी स्थिति अगले एक सप्ताह तक बनी रहने की उम्मीद है।
चल रहीं बर्फीली हवाएं
हालाँकि कल शुक्रवार की सुबह राजधानी समेत राज्य के अधिकांश भागों में बर्फीली हवाएं चलती रहीं हैं। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पटना के अलावा उत्तरी बिहार के अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हो रही है और उधर से बर्फीली हवाओं के कारण ठंड बढ़ गई है। कोहरा ठंड में और वृद्धि कर दे रहा है। खासकर मध्य बिहार एवं उत्तरी बिहार में कोहरे का प्रभाव ज्यादा देखा जा रहा है। इस तरह की स्थिति अगले एक सप्ताह तक बनी रहने की उम्मीद है।
तापमान में गिरावट
इसके पहले गुरुवार को कोहरे के कारण लोगों को वाहन चलाने में परेशानी हुई। कोहरे का असर ट्रेन व हवाई यातायात पर भी दिखा। हालांकि, दोपहर बाद मौसम में सुधार हुआ। दोपहर बाद धूप निकली तो लोगों को ठंड से बड़ी राहत मिली। राजधानी में लोगों ने पार्कों व मैदानों में धूप का आनंद लिया। हालांकि, सूर्यास्त के बाद तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज किया गया।
समान्य से कम तापमान
आपको बताते चले कि पटना में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया। अधिकतम तापमान 19.2 और न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पटना के अलावा गया का तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड हुआ। गया में गुरुवार को अधिकतम तापमान 19.1, भागलपुर में 19.6 और पूर्णिया में 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। डिहरी राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।