पुणे(व्हीएसआरएस न्यूज) आगामी नगरपालिका चुनावों की पृष्ठभूमि के मद्देनजर रखते हुए स्थायी समिति की आठ रिक्त सीटों के लिए मंगलवार को मुख्य बैठक में आठ नए नगरसेवकों को नियुक्त किया गया। राजनीतिक समीकरणों का मिलान करते हुए स्थायी समिति के नगरसेवकों को मौका दिया गया है। स्थायी समिति के वर्तमान अध्यक्ष हेमंत रासने को भी पार्टी द्वारा एक और मौका दिया गया है और उन्हें अभी तक अगले वर्ष के लिए अध्यक्ष बनाए रखने की औपचारिकता बाकी है। पुणे मनपा के आठ सदस्यों का कार्यकाल 28 फरवरी को समाप्त होगा। उससे पहले आठ नए नगरसेवकों को नियुक्त करना अनिवार्य है। जिसके कारण मंगलवार को वीडियो कॉन्फे्रसिंग के माध्यम से आयोजित मुख्य बैठक में नए नगरसेवकों की नियुक्ति की गई।
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राहुल भंडारे,राजाभाऊ लाईगुडे,महेश बावले,मनीषा कदम और अर्चना पाटिल को वर्तमान अध्यक्ष हेमंत रासने के साथ नियुक्त किया है। राकांपा पूर्व डिप्टी मेयर सुनील उर्फ बंधु गायकवाड़ और प्रदीप गायकवाड़ को मौका दिया है। स्थायी समिति जिसे सिटी ट्रेजरी के नाम से जाना जाता है अन्य समितियों की तुलना में महत्वपूर्ण है। समिति में 16 सदस्य होते है। जिनमें भारतीय जनता पार्टी के 10,राकांपा के चार और कांग्रेस और शिवसेना के एक-एक सदस्य शामिल हैं। छह भाजपा नगरसेवकों और दो राकांपा नगरसेवकों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। अगले साल फरवरी में पालिका चुनाव होने की उम्मीद है।