National लखनऊ(व्हीएसआरएस न्यूज) स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद की 36 सीटों के चुनाव में भाजपा ने जबरदस्त जीत दर्ज की है। भाजपा के खाते में 36 में से 33 सीटें आई हैं। भाजपा को विधान परिषद में पूर्ण बहुमत मिला है। समाजवादी पार्टी चुनाव में मुकाबले में ही नहीं दिखी। सपा को एक भी सीट पर जीत नहीं मिली है। तीन निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी जीत हासिल की है। दो बाहुबली राजा भैय्या और व्रजेश सिंह के उम्मीदवार जीते तो आजमगढ में निर्दलीय प्रत्याशी जीत दर्ज की।
भाजपा प्रत्याशी डॉ. केपी श्रीवास्तव जीते
इलाहाबाद-कौशांबी स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. केपी श्रीवास्तव ने सपा प्रत्याशी और निवर्तमान एमएलसी वासुदेव यादव को करीब 1600 मतों से पराजित किया।
एमएलसी चुनाव : पहले राउंड में 1184 वोटों से भाजपा प्रत्याशी आगे
शाहजहांपुर में विधान परिषद की पीलीभीत-शाहजहांपुर सीट पर पहले राउंड की वोटों की गिनती में भाजपा प्रत्याशी डॉ.सुधीर गुप्ता ने 1256 वोट हासिल किए हैं। जबकि सपा उम्मीदवार अमित यादव रिंकू को मात्र 72 वोट मिले। निर्दलीय उम्मीदवार को 17 वोट हासिल हुए हैं। 55 वोट निरस्त कर दिए गए। पहले ही राउंड में भाजपा ने बड़ी बढ़त बना ली है। सुबह 8 बजे से कांट रोड पर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई थी। पोस्टल बैलट को सीधा करने के बाद पहले राउंड का रुझान सामने आया है जिसमें भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुधीर गुप्ता 1184 वोटों से आगे हैं। कुल 4083 मतों की गणना होनी है।
एमएलसी चुनाव: भाजपा की रमा निरंजन जीती
विधान परिषद की झांसी-ललितपुर-जालौन सीट पर भाजपा प्रत्याशी रमा निरंजन ने जीत दर्ज की है। जबकि, दूसरे स्थान पर सपा के श्यामसुंदर सिंह पारीछा रहे।
सपा के सुनील साजन की करारी हार
लखनऊ-उन्नाव एमएलसी सीट पर भाजपा के रामचंद्र प्रधान भारी मतों से जीते हैं। रामचंद्र प्रधान को 3487 वोट मिले, सपा के सुनील साजन बुरी तरह हार गए।
भाजपा प्रत्याशी विशाल सिंह चंचल ने जीत दर्ज कर कब्जा रखा बरकरार
गाजीपुर में एमएलसी चुनाव की मतगणना का कार्य पूरा हो गया है। मतगणना में भाजपा प्रत्याशी विशाल सिंह ने सपा के मदन सिंह यादव को हराकर जीत दर्ज की है। उनकी जीत से उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। जनपद में एमएलसी चुनाव को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर विराम लग गया। मंगलवार को विकास भवन के सभागार में सुबह आठ बजे मतगणना का कार्य शुरू हुआ। तीन घंटे में ही मतणना का कार्य पूरा कर लिया गया। मतगणना में भाजपा के विशाल सिंह चंचल ने सपा के मदन सिंह यादव को पटखनी देकर दूसरे बार भी सीट पर कब्जा बरकरार रखा। मतगणना में विशाल सिंह चंचल को 2422 मत प्राप्त हुए। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के मदन सिंह यादव को 632 और 43 अवैध मत पड़े।
अक्षय प्रताप सिंह पांचवी बार एमएलसी बने
प्रतापगढ़ में राजा भइया का जलवा कायम है। अक्षय प्रताप सिंह 5वीं बार एमएलसी बने हैं। अक्षय प्रताप सिंह 1106 मतों से विजयी हुए हैं। उन्हें कुल 1720 मत मिले। भाजपा के हरी प्रताप सिंह को 614 वोट प्राप्त हुए। सपा के विजय बहादुर यादव 380 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे। इनवैलिड मतों की संख्या 62 रही, वहीं जनसत्ता दल के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश नाथ ओझा 14 को वोट मिले। इनके अलावा अक्षय प्रताप सिंह की पत्नी मधुरिमा सिंह को 5 मत मिले।
सपा-भाजपा को पटखनी देकर निर्दल विक्रांत सिंह रिशु ने मारी बाजी
आजमगढ़ जनपद में एमएलसी चुनाव की मतगणना का कार्य पूरा हो गया है। मतगणना में निर्दल प्रत्याशी विक्रांत सिंह रिशु ने भाजपा के अरूण कांत यादव को हराकर जीत दर्ज की है। उनकी जीत से उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। जनपद में एमएलसी चुनाव को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर विराम लग गया। मंगलवार को एफसीआई गोदाम में सुबह आठ बजे मतगणना का कार्य शुरू हुआ। तीन घंटे में ही मतणना का कार्य पूरा कर लिया गया। मतगणना में निर्दल प्रत्याशी विक्रांत सिंह रिशु ने भाजपा के अरुण कांत यादव को पटखनी देकर इस सीट पर कब्जा जमाया। मतगणना में विक्रांत सिंह रिशु 4075 मत प्राप्त हुए। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के अरूण कांत यादव को 1262 और सपा के राकेश यादव को 356 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार विक्रांत सिंह रिशु 2813 मतों से विजयी घोषित किए गए।
रविशंकर सिंह पप्पू को मिली बड़ी जीत, लगातार चौथी बार बने एमएलसी
बलिया में एमएलसी चुनाव की मतगणना खत्म हो गयी। यहां भाजपा प्रत्याशी रविशंकर सिंह ’पप्पू’ ने 2259 मत प्राप्त कर लगातार चौथी बार जीत दर्ज की है। वहीं, सपा प्रत्याशी अरविन्द गिरी को 278 मत से संतोष करना पड़ा है। बता दे कि यहां 2577 वोट पड़े थे, जिसमें 40 मत
भाजपा प्रत्याशी पवन सिंह जीते
सीतापुर सीट पर 3754 मत पाकर भाजपा प्रत्याशी पवन सिंह एमएलसी पद का चुनाव जीते हैं। सपा प्रत्याशी को मात्र 61 मत मिले हैं। निर्दलीय प्रत्याशी को आठ मत, जबकि 42 मत अवैध पाए गए।
4401 मतों से भाजपा के अवधेश जीते
गोंडा-बलरामपुर सीट पर मतों की गणना पूरी हो गई है। भाजपा के अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह ने सपा प्रत्याशी डा. भानु कुमार त्रिपाठी को 4401 मतों से पराजित किया है। प्रेक्षक व जिलाधिकारी के देखरेख में सुबह आठ बजे शुरू हुई मतों की गणना 11 बजे तक पूरी हो गई। सपा को करारी हार मिली है। गोंडा व बलरामपुर के 26 केंद्रों पर बीते नौ अप्रैल को हुए मतदान में 4824 मतदाताओं ने मतदान किया था। मतों की गिनती मंगलवार को कलेक्ट्रेट के जनसुनवाई कक्ष में हुई। जिसमें भाजपा प्रत्याशी अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह को 4572, सपा प्रत्याशी डा. भानु कुमार त्रिपाठी को सिर्फ 171 मत हासिल हुआ। निर्दल प्रत्याशी आनंद स्वरूप यादव उर्फ पप्पू यादव को 17 मत मिले है। मतदान में 21 मत अवैध रहे।
पांचवीं बार एमएलसी निर्वाचित हुए शैलेंद्र प्रताप सिंह
सुल्तानपुर-अमेठी विधान परिषद सीट से भाजपा के शैलेंद्र प्रताप सिंह विजयी हुए हैं। उन्होंने सपा प्रत्याशी शिल्पा प्रजापति को बड़े अंतर से पराजित किया। भाजपा के शैलेन्द्र प्रताप सिंह को 2481 मत मिले हैं वहीं सपा की शिल्पा प्रजापति को 1119 मत मिले। शैलेंद्र प्रताप सिंह पांचवीं बार एमएलसी निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने अब तक छह बार चुनाव लड़ा, जिसमें पांच बार जीत हासिल की है।
मुरादाबाद-बिजनौर विधान परिषद सीट पर भाजपा की जीत
मुरादाबाद-बिजनौर विधान परिषद सीट पर एमएलसी बीजेपी उम्मीदवार सतपाल सैनी ने जीत दर्ज की है।
वाराणसी में निर्दलीय की जीत
वाराणसी में एक बार फिर से बृजेश सिंह का दबदबा क़ायम रहा। एमएलसी चुनाव में उनकी पत्नी अन्नपूर्णा ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। यहां भाजपा को तीसरा स्थान मिला। अंतिम चक्र की मतगणना में सपा के उमेश यादव को 345, भाजपा के डॉ सुदामा पटेल को 170 वोट मिले। वहीं, निर्दलीय अन्न पूर्णा सिंह ने 4234 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। इसमें 127 कुल निरस्त मतपत्र मिले।
बता दें कि 24 वर्ष से बनारस की इस सीट पर केंद्रीय जेल में बंद बृजेश सिंह या उनके परिवार का ही कब्जा रहा है। निवर्तमान एमएलसी बृजेश सिंह के बड़े भाई उदयभान सिंह उर्फ चुलबुल सिंह एमएलसी सीट पर 1998 में एमएलसी बने। दो बार एमएलसी चुने गए और पंचायत चुनाव में उनका दबदबा जगजाहिर ही है। इसके बाद 2010 में बृजेश सिंह की पत्नी अन्नपूर्णा सिंह बसपा के टिकट से इस सीट पर एमएलसी बनी। इसके बाद वर्ष 2016 में बृजेश सिंह मैदान में उतरे तो भाजपा ने उन्हें समर्थन दिया और उनके खिलाफ कोई प्रत्याशी नहीं उतारा।
वंदना वर्मा सहारनपुर सीट पर एमएलसी बनी
मुजफ्फरनगर सहारनपुर प्राधिकारी स्थानीय निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशी वंदना वर्मा विजय घोषित हुई है। इस सीट पर भाजपा ने पहली बार जीत हासिल की है। वंदना वर्मा को 3843 मत मिले। सपा प्रत्याशी आरिफ को 842, निर्दलीय सुशील को 11, प्रमोद आर्य को 18 और जाहिद को 6 वोट मिले हैं। 212 मत निरस्त हुए हैं। तीनों जनपद के में हुए चुनाव में कुल 4932 मत पड़े थे जिनमें से 4720 मत वैध पाए गए। चुनाव में भाजपा की वंदना वर्मा ने सपा प्रत्याशी आरिफ को 3001 वोट से पराजित किया है।
एमएलसी चुनाव: कानपुर-फतेहपुर सीट पर खिला कमल
कानपुर-फतेहपुर सीट पर भी कमल खिला है। यहां भाजपा के अविनाश सिंह को 4600 से अधिक वोट मिले हैं, जबकि सपा के दिलीप सिंह कल्लू यादव को मात्र 250 वोट प्राप्त हुए हैं।
सीतापुर में सपा की करारी हार
सीतापुर में भी कमल खिला है। यहां समाजवादी पार्टी को बुरी तरह हार मिली है। भाजपा के पवन सिंह ने जीत दर्ज की है। 3762 मत पाकर भाजपा प्रत्याशी पवन सिंह एमएलसी पद का चुनाव जीत गए हैं। सपा प्रत्याशी को मात्र 61 मत मिले हैं, जबकि 42 मत अवैध पाए गए।
फैजाबाद सीट पर भाजपा के हरिओम जीते
फैज़ाबाद सीट पर भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली है। यहां भाजपा के हरिओम पांडेय ने 2724 वोट प्राप्त किए और सपा के हीरालाल को
1044 मत मिले हैं।
देवरिया-कुशीनगर एमएलसी सीट से कफील खान हारे
भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉक्टर रतनपाल सिंह को 4255 वोट मिले। समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार डॉ कफील खान को 1031वोट मिले। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ रतन पाल सिंह 3224 मतों से विजयी घोषित।
भाजपा प्रत्याशी प्रांशुदत्त द्विवेदी आगे
फर्रुखाबाद एमएलसी सीट पर वोटों की गिनती जारी है। एमएलसी चुनाव के दूसरा राउंड में भाजपा प्रत्याशी को 1428 वोट मिले हैं, जबकि सपा के प्रत्याशी को 238 मत प्राप्त हुए। इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी नरेंद्र को 07 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी प्रांशुदत्त द्विवेदी 1190 से आगे चल रहे हैं।
आजमगढ़ में भाजपा प्रत्याशी ने लगाए गंभीर आरोप
आजमगढ़ में एमएलसी चुनाव की मतगणना जारी है। भाजपा प्रत्याशी अरूण कांत यादव ने पार्टी का समर्थन न मिलने का आरोप लगाया है। आपको बता दें कि अरुण सपा विधायक रमाकान्त यादव के पुत्र हैं।
जौनपुर में भाजपा की जीत
जौनपुर में लगातार दूसरी बार बृजेश सिंह प्रिंसू एमएलसी बने हैं। उन्हें 3130 मत मिले हैं। पूर्व सांसद धनंजय सिंह के करीबी बृजेश को इस बार भाजपा ने प्रत्याशी बनाया था। वहीं, सपा के डॉ मनोज कुमार यादव को कुल 772 मत मिले हैं।
मेरठ में भी भाजपा की जीत
मेरठ में भाजपा के धर्मेंद्र भारद्वाज ने एमएलसी के चुनाव में जीत हासिल की है। धर्मेंद्र भारद्वाज को 3708 वोट मिले वहीं कैंसिल वोटों की संख्या 119 रही। जिले में कुल 4040 वोट पड़े थे। गठबंधन से सुनील रोहटा को 227 वोटों के साथ संतोष करना पड़ा।
आगरा फिरोजाबाद एमएलसी सीट पर बीजेपी के विजय शिवहरे की बड़ी जीत
भाजपा के विजय शिवहरे 3266 वोट से सपा के दिलीप सिंह को हराकर आगरा फिरोजबाद एलएलसी चुनाव जीत गए हैं। सपा के डॉ दिलीप सिंह को 205 वोट प्राप्त हुए हैं। प्रथम वरीयता के 1871 मत जीत के लिए विजयी प्रत्याशी को चाहिए थे। डीएम प्रभु एन सिंह के मुताबिक भाजपा को कुल 3471 मिले हैं। निर्दलीय हसनूराम अंबेडकरी को 12, प्रवीण कुमार को 30 और विमल कुमार को 22 वोट मिले हैं।
भाजपा प्रत्याशी एवं राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह जीते
रायबरेली में भाजपा प्रत्याशी एवं राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह एमएलसी चुनाव में दो हजार से ज्यादा मतों से जीत गए हैं। प्रतिद्वंदी एवं सपा के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव को करारी शिकस्त मिली है। भाजपा उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह के विजयी होने की घोषणा होना बाकी है।
सीतापुर में एमएलसी चुनाव के मतगणना जारी
सीतापुर में एमएलसी चुनाव के लिए पड़े 3865 मतों की गणना तहसील सदर सभागार में सुबह 8:15 बजे से जारी है। इससे पहले 7:30 बजे सील्ड/ पोल्ड बैलट बॉक्स निकाले गए। मतगणना डीएम, जिला निर्वाचन अफसर विशाल भारद्वाज व एसपी आरपी सिंह की मौजूदगी में सुचारू रूप से चल रही है।
भाजपा प्रत्याशी विजय शिवहरे आगे
आगरा में मंडी समिति में जारी मतगणना में 105 मत छंटनी के दौरान निरस्त मिले हैं। कुल 3845 वोट पड़े थे। मतगणना में भाजपा प्रत्याशी विजय शिवहरे आगे चल रहे हैं।
बहराइच में भाजपा की प्रज्ञा त्रिपाठी ने जीत दर्ज की
बहराइच में एमएलसी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी प्रज्ञा त्रिपाठी ने जीत दर्ज की है। सपा प्रत्याशी अमर यादव को भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा त्रिपाठी ने हरा दिया है। प्रज्ञा त्रिपाठी ने 3188 मतों से जीत हासिल की है।