National News भोपाल(व्हीएसआरएस न्यूज) दिल्ली और पंजाब में सत्ता हासिल करने के बाद अब आम आदमी पार्टी ने मध्यप्रदेश में धमाकेदार एंट्री की है। मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी ने सिंगरौली में महापौर पद पर अपना कब्जा जमा लिया है। सिंगरौली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी रानी अग्रवाल ने धमाकेदार जीत हासिल करते हुए भाजपा और कांग्रेस को चारो खाने चित्त कर दिया है। आप उम्मीदवार रानी अग्रवाल ने भाजपा प्रत्याशी चंद्रप्रकाश विश्वकर्मा को 9352 वोटों से हाराया।
आज 44 जिलों के 133 नगरीय निकायों में मतगणना हो रही है। इसमें 11 नगर निगम, 36 नगर पालिका और 86 नगर परिषद शामिल हैं। अब तक सामने आए रुझानों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। भाजपा ने सतना, बुरहानपुर और खंडवा में जीत हासिल कर ली है तो चार सीटों पर पार्टी आगे चल रही है। कांग्रेस 3 पर आगे है। वहीं सिंगरौली में अधिकतर वार्ड के साथ मेयर पद पर आम आदमी पार्टी ने बढ़त हासिल करके सबको चौंका दिया है। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सत्ता का सेमीफाइनल कहे जा रहे इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस की प्रतिष्ठा दांव पर है। दोनों ही दलों के नेताओं ने प्रचार-प्रसार में कोई कमी नहीं छोड़ी है। यह देखना दिलचस्प होगा कि शिवराज एक बार फिर अपना दम दिखा पाएंगे या फिर कमलनाथ बाजी मारेंगे। दूसरे चरण की काउंटिंग 20 जुलाई को होगी। यहां हम आपको एक-एक सीट का नतीजा सबसे सटीक और सबसे तेज बता रहे हैं।
मध्यप्रदेश में आम आदमी पार्टी की दमदार एंट्री हुई है। सिंगरौली नगर निगम में आप की मेयर प्रत्याशी रानी अग्रवाल जीत गई हैं। आप उम्मीदवार रानी अग्रवाल ने 9159 वोट से जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस के अरविंद चंदेल को हराया। बीजेपी के चंद्रप्रकाश विश्वकर्मा तीसरे नंबर पर रहे।
वहीं बुरहानपुर नगर निगम में ओवैसी की पार्टी ने कांग्रेस का खेल बिगाड़ दिया है। यहां बीजेपी की माधुरी पटेल ने 542 वोट से जीत दर्ज की है। माधुरी पटेल को 52823 वोट मिले है, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी शहनाज बानो को 52281 वोट मिले है। यहां आईएमआईएम की मेयर प्रत्याशी शाईस्ता सोहेल हाशमी को 10322 वोट मिले हैं। नोटा के खाते में जीत के अंतर से ज्यादा 677 वोट गए हैं।
केजरीवाल प्रचार करने आए थे
सबसे बड़ा उलटफेर सिंगरौली नगर निगम में हुआ है। सिंगरौली नगर निगम में जीत के जरिए एमपी की सियासत में आम आदमी पार्टी की एंट्री हो गई है। बता दें कि आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल खुद प्रचार करने सिंगरौली पहुंचे थे। केजरीवाल के रोड शो में भारी भीड़ जुटी थी। जिसे बीजेपी और कांग्रेस के लिए खतरे की घंटी माना जा रहा था। जो मेयर चुनाव के नतीजों के बाद सही साबित हुई है।
कमलनाथ के गढ़ में कांग्रेस की वापसी
कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में कांग्रेस ने वापसी कर ली है। यहां पिछली बार बीजेपी का मेयर था। कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम अहाके 3547 वोटों से जीत गए। विक्रम न भाजपा के आनंद धुर्वे को हराया। इस सीट के लिए कमलनाथ के बेटे व सांसद नकुलनाथ पूरे समय सक्रिय रहे।