लखनऊ (व्हीएसआरएस न्यूज) उत्तर प्रदेश में सात चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव का आगाज आज हो चुका है। गुरुवार (10 फरवरी) सुबह से ठंड,कोहरे और शीतलहर की परवाह किए बगैर पश्चिमी यूपी के 11 जिलों की 58 विधानसभा सीटों पर मतदाता अपने मतों का उपयोग कर रहे हैं। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें लगी हैं। कई जगह तो यह लाइन 500 मीटर तक भी देखी गई। इसी बीच कई जगहों से मतदान के बहिष्कार की भी खबरें आईं तो कहीं ईवीएम खराब होने की। यही नहीं समाजवादी पार्टी लगातार ट्वीट कर तमाम पोलिंग बूथों पर आ रही समस्याओं की शिकायत कर रही है। मतदान केंद्रों पर बडी संख्या में मुस्लिम महिलाएं,पुरुष कतार पर देखे जा रहे है। ये मतदाता सपा-आरएलडी के माने जा रहे हैं। शामली में सर्वाधिक मतदान होना मतलब भाजपा के हिंदू चेहरा विधायक संगीत सोम खतरे में है। दोपहर 3 बजे तक 48.24 फीसदी मतदान होने की खबर है। मुज्जफरनगर,शामली में ज्यादा मतदान होने के समाचार है।
शामली में लगातार गति पर मतदान : पहले चरण के मतदान में 11 जिलों के वोटर सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर पहुंचे थे। पहले दो घंटे के बाद शामली में मतदान जो गति पकड़ी उसको एक बजे तक बरकरार रखा। एक बजे तक कुल 35.05 प्रतिशत वोटिंग हो गई थी। शामली में सर्वाधिक 41.16 प्रतिशत वोट पड़े थे जबकि सबसे कम मतदान गौतमबुद्धनगर में 30.53 प्रतिशत हुआ। एक बजे तक शामली में 41.16, मुजफ्फरनगर में 35.73, मेरठ में 34.51, बागपत 38.01, गाजियाबाद 33.40, हापुड़ 39.97, गौतमबुद्धनगर में 30.53, बुलंदशहर में 37.03, अलीगढ़ में 32.07, मथुरा में 36.26 तथा आगरा में 36.93 प्रतिशत मतदान हो गया था।
समाजवादी पार्टी सुबह से ही लगातार ट्वीट्स कर ईवीएम न चलने और मतदान केंद्रों में अलग-अलग तरह की गड़बड़ियों के आरोप लगा रही है। समाजवादी पार्टी ने अपने एक ट्वीट में कहा कि आगरा जनपद के फतेहाबाद के बूथ संख्या 237 पर भाजपा लोगों को वोट नहीं डालने दे रही है।
गाजियाबाद के एक मतदान केंद्र पर लगी लंबी कतार, यहां लोग सुबह ही इसी तरह अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इनका कहना है कि पहले मतदान फिर जलपान। आगरा के ट्रांस यमुना कॉलोनी स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में मतदातों की सुबह से लगी कतार।मथुरा में मतदान से पहले प्रत्याशी भगवान की शरण में पहुंचे। मथुरा से भाजपा प्रत्याशी एवं ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने गुरुवार की सुबह गोवर्धन के दानघाटी मंदिर में गिरिराजजी की पूजा की। वहीं गोवर्धन से बीएसपी प्रत्याशी राजकुमार रावत ने गिरिराज जी की परिक्रमा लगाई।