दिल्ली| व्हीएसआरएस न्यूज: गत दिनों से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार आज शाम को होने वाला है। इससे पहले दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास पर विस्तार को लेकर अहम बैठक हुई। गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई अन्य नेता मौजूद रहे।
बता दें कि मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने के बाद पहली बार कैबिनेट में बदलाव होने जा रहा है। नई कैबिनेट में कई युवा चेहरों को मौका मिल सकता है। साथ ही अगले साल जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होना है, उनको भी कैबिनेट विस्तार में अहमियत मिल सकती है| केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार में 43 नेता केंद्रीय मंत्री पद की शपथ लेंगे।
समाचार एजेंसी पीटीआइ ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री देबाश्री चौधरी ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है।
इस बीच श्रम मंत्री संतोष गंगवार ने कहा है कि उन्होंने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है। सर्बानंद सोनोवाल और ज्योतिरादित्य सिंधिया और अनुप्रिया पटेल की जगह तय मानी जा रही है।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि राष्ट्रपति भवन में शाम छह बजे होने वाले कैबिनेट विस्तार से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए मंत्रियों से उनके आवास पर मुलाकात कर उन्हें अपनी उम्मीदों से अवगत कराना चाहेंगे। इस बार मोदी सरकार में महिला मंत्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। अनुप्रिया पटेल के अलावा दिल्ली की सांसद मीनाक्षी लेखी, हरियाणा की सांसद सुनीता दुग्गल और कर्नाटक की सांसद शोभा करंदलाजे को कैबिनेट में शामिल किए जाने की संभावना है।
मोदी सरकार में गहलोत समेत 53 मंत्री
प्रधानमंत्री के रूप में मई 2019 में 57 मंत्रियों के साथ अपना दूसरा कार्यकाल आरंभ करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल व विस्तार करने वाले हैं। मौजूदा मंत्रिपरिषद में कर्नाटक के राज्यपाल बनाए गए केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत सहित कुल 53 मंत्री हैं और नियमानुसार केंद्रीय मंत्रिपरिषद में अधिकतम मंत्रियों की संख्या 81 हो सकती है।
पीएम आवास पर पहुंचे ये नेता
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री आवास पहुंचने वालों में भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव, मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया, महाराष्ट्र से राज्यसभा के सदस्य नारायण राणे, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर, हरियाणा के सिरसा से सांसद सुनीता दुग्गल, दिल्ली से भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी, उत्तराखंड से सांसद अजय भट्ट, कर्नाटक से सांसद शोभा करंदलाजे, महाराष्ट्र से सांसद प्रीतम मुंडे, अपना दल (एस) की अनुप्रिया पटेल, लोक जनशक्ति पार्टी के पारस गुट के पशुपति पारस और जनता दल (यूनाइटेड) के आरसीपी सिंह सहित कुछ अन्य नेता शामिल हैं।
निषाद पार्टी ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में मांगी जगह
दिल्ली में बुधवार शाम केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार होने से कुछ घंटे पहले निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने अपने बेटे प्रवीण निषाद के लिए जगह की मांग की है, जो संत कबीर नगर से भाजपा सांसद हैं। संदेश में संजय निषाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 160 से अधिक विधानसभा सीटों पर निषाद समुदाय का प्रभाव है। अगर अनुप्रिया पटेल को केंद्रीय मंत्रालय में शामिल किया जा सकता है, तो प्रवीण निषाद भी जगह के हकदार हैं। 2019 में भाजपा को 40 सीटों पर निषाद वोट मिले। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले ही भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से बात कर ली है और अब फैसला भाजपा को करना है।
ब्यूरोक्रेट और टेक्नोक्रेट का प्रतिनिधित्व बढ़ सकता है
माना जा कहा है कि मंत्रिमंडल में 20 नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं। उत्तर प्रदेश व बिहार को बड़ा हिस्सा मिलेगा। ओबीसी मंत्रियों की संख्या बढ़कर 25 पर पहुंच सकती है। इसके अलावा केंद्र सरकार में ब्यूरोक्रेट और टेक्नोक्रेट का प्रतिनिधित्व बढ़ सकता है।सरकार में शिक्षित और युवा सदस्यों को मौका दिया जाएगा। सर्बानंद सोनोवाल और ज्योतिरादित्य सिंधिया का आना तय माना जा रहा है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर, बिजली मंत्री आरके सिंह और केंद्रीय शहरी विकास राज्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी ऐसे मंत्री हैं, जो पहले ब्यूरोक्रेसी का हिस्सा रहे हैं। मंत्रिमंडल में 81 मंत्री हो सकते हैं। अभी 28 पद सरकार में खाली हैं।
कांग्रेस का आरोप- चुनाव को ध्यान में रखकर हो रहा कैबिनेट विस्तार
वही कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कहा कि ये सारी चीजें वे चुनाव को ध्यान में रखकर कर रहे हैं। ये भी देखना है कि दलितों, शोषित वर्गों, अस्पृश्यों और दबे कुचले लोगों को वे कौन से अच्छे पोर्टफोलियो देने वाले हैं। कई बार लोगों को दिखाने के लिए वे ऐसी चीजें करते हैं। वो 2 साल पहले भी कर सकते थे।