Pune पुणे(व्हीएसआरएस न्यूज) केंद्रीय मंत्री नारायण राणे की गिरफ्तारी के विरोध में महाराष्ट्र के भाजपा सांसद लोकसभा अध्यक्ष से मिलेंगे। राणे के अधिकारों का उल्लंघन को लेकर एक ज्ञापन सौंपेंगे। ऐसी जानकारी पुणे में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने दी।
चंद्रकांत पाटिल ने सरकार और शिवसेना पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिना वारंट की गिरफ्तारी बदले की भावना और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग है। शिवसेना नेता अनिल परब ने राणे को गिरफ्तार करके पुलिस बल का प्रयोग करने को कहा था।
राणे को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणी के लिए मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। पाटिल ने कहा कि भाजपा राणे की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी, जिन्हें बंबई उच्च न्यायालय ने कोई राहत देने से इनकार कर दिया। पाटिल ने कहा,“हमें उम्मीद है कि अदालत उचित आदेश देगी।” उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा कार्यकर्ताओं को राणे की गिरफ्तारी के खिलाफ आंदोलन करने को कहा गया है।
एक सवाल के जवाब में पाटिल ने कहा कि राणे की टिप्पणी से भाजपा की छवि बिल्कुल भी खराब नहीं हुई है, बल्कि इसके विपरीत पार्टी को एक ऐसा नेता मिला है जो “जैसे को तैसा” का जवाब देने में विश्वास रखता है।