Pune पुणे(व्हीएसआरएस न्यूज) शिवसेना कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पार्टी के बागी विधायक तानाजी सावंत के एक कार्यालय में तोड़फोड़ की, जो इस समय एकनाथ शिंदे गुट के हिस्से के रूप में गुवाहाटी में हैं।
कार्यकर्ताओं का एक समूह आज सुबह पुणे के कात्रज इलाके में स्थित भैरवनाथ शुगर वर्क्स के कार्यालय में घुस गया और सावंत के कार्यालय को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसमें शामिल रहे पार्टी के नगरसेवक विशाल धनवाड़े ने यह जानकारी दी।उन्होंने कहा, सावंत के कार्यालय में तोड़फोड़ तो बस एक शुरुआत है। हर गद्दार (बागी विधायक) के कार्यालय को आने वाले दिनों में तोड़ दिया जाएगा। सावंत उस्मानाबाद जिले के परांदा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।
शिवसेना के ज्यादातर विधायक शिंदे के समर्थन में आ गए हैं और गुवाहाटी में डेरा डाले हुए हैं, जिससे उद्धव ठाकरे नीत महा विकास आघाड़ी सरकार संकट में आ गयी है। कोरेगांव सीट से विधायक महेश शिंदे वर्तमान में एकनाथ शिंदे के साथ गुवाहाटी में हैं महेश शिंदे ने एक रिकॉर्डेड संदेश में उपमुख्यमंत्री अजित पवार पर विकास निधि आवंटन में शिवसेना विधायकों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। महेश ने संदेश में कहा कि कुछ अधिकारियों की उपस्थिति में वर्षा बंगले में मुख्यमंत्री के साथ बैठक के दौरान हमने अपने निर्वाचन क्षेत्रों को आवंटित धन के बारे में ब्यौरा मांगा। अधिकारियों ने कोष के बारे में गलत जानकारी दी। जब हमने उन्हें असली आंकड़ों के बारे में बताया तो मुख्यमंत्री हैरान रह गए।