पुणे(व्हीएसआरएस न्यूज) पुणे मनपा में पिछले सप्ताह किरीट सोमैया पर हुए हमले के सिलसिले में केवल दो पुलिकर्मियों को निलंबित किया गया है और सीआईएसएफ अधिकारियों ने दो दिन पहले पुणे के पुलिस आयुक्त अमिताभ गुप्ता से मुलाकात की थी। निलंबित पुलिस कर्मी दिलीप गोर और सतीश शिंदे हैं।
भाजपा नेता किरीट सोमैया आज फिर पुणे मनपा में पधारे और पुलिस आयुक्त अमिताभ गुप्ता को ललकारते हुए कहा कि वाधवान मामले में तो बच गए लेकिन इस बार नहीं बचेंगे। पुणे पहुंचते ही उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की। इस बार उन्होंने एक बार फिर शिवसेना और महाविकास अघाड़ी सरकार की कड़ी आलोचना की। सोमैया ने पुणे के पुलिस कमिश्नर अमिताभ गुप्ता पर भी गंभीर आरोप लगाए। पुणे मनपा में इतने गुंडों की घुसपैठ कैसे हुई? क्या पुलिस आयुक्त को यह नहीं दिखता? उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया? यह सवाल गुप्ता से किया।
कुछ दिन पहले सोमैया के पुणे पालिका आने पर शिवसैनिकों की ओर से धक्का-मुक्की हुई थी। सीढियों पर गिरने से उनके हाथ में चोटें आयी है। उसके बाद आज उसी स्थान पर भाजपा द्वारा उनका अभिनंदन किया जाना था लेकिन पालिका प्रशासन ने मनपा भवन में सत्कार कार्यक्रम पर रोक लगा दी जिसके कारण भाजपाई आक्रामक हो गए। इसलिए सभी का ध्यान आज के कार्यक्रम पर थे। वहीं कांग्रेस ने उनके स्वागत का विरोध करते हुए कहा कि पालिका परिसर में पार्टी का कार्यक्रम करना उचित नहीं है। इस बीच सोमैया के आने से पालिका में एक और विवाद होने की संभावना है। उन्होंने पुणे के शिवाजी नगर जंबो कोविड सेंटर में हुए घोटाले की जांच की मांग की है।