पिंपरी(व्हीएसआरएस न्यूज) मावल लोकसभा से शिवसेना सांसद श्रीरंग बारणे ने गुरुवार को चिंचवड़ के आटोकल्स्टर में जनता दरबार का आयोजन किया। नागरिकों ने सरकार के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर करते हुए करीब 500 शिकायतें दर्ज कराईं। शहर के नागरिकों को अक्सर सरकारी कार्यालयों में जिन समस्याओं का सामना करना पड़ता है,उन्हें हल करने के लिए जनता दरबार का आयोजन किया गया था। अपर पुलिस कमिश्नर डॉ.संजय शिंदे,उपायुक्त मंचक इप्पर, अतिरिक्त आयुक्त विकास ढकने,संयुक्त नगर अभियंता संदेश चव्हाण,सहायक आयुक्त अन्ना बोडडे,तहसीलदार गीता गायकवाड़. सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजश्री गुंड,एमएसईडीसीएल के कार्यकारी अभियंता उदय भोसले,उमेश कावड़े,खाद्य आपूर्ति अधिकारी दिनेश तवारे,रेलवे के संजीव सोना,मुकेश कुमार,पीएमआरडी के विशाखा चिंतल,चव्हाण अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ.राजेंद्र वाबले सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे। जनता दरबार में बिजली, पानी की आपूर्ति,धीमी गति से विकास,खोदी गई सड़कों,सीवेज की समस्या,अनधिकृत निर्माण,दंड,कब्रिस्तान,खतरनाक खंभों आदि को लेकर नागरिकों ने कई शिकायतें दर्ज कराईं।
इस संबंध में सांसद बारणे ने कहा कि जनता दरबार में 498 नागरिकों की लिखित शिकायत प्राप्त हुई। इन शिकायतों को वर्गीकृत कर संबंधित विभाग को भेजा जाएगा। प्रशासन को तत्काल समाधान करना चाहिए। संबंधित विभाग के अधिकारियों की बैठक कर शिकायतों का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। 15 दिनों में इसकी समीक्षा की जाएगी।