Mumbai News मुंबई (व्हीएसआरएस न्यूज) बीते 24 घंटों में महाराष्ट्र में कोविड-19 के मामलों की संख्या दोगुनी पहुंच गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि एक बार फिर से सब वेरिएंट XBB 1.16 का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। मार्च के पहले सप्ताह में महाराष्ट्र के जीनोमिक वैज्ञानिकों ने इसकी पुष्टि की थी। जिसमें पाया गया था कि यह वेरिएंट 60 फीसदी मामलों के लिए जिम्मेदार है। कोरोना को लेकर होने वाली मौतों से भी इस सब वेरिएंट को जोड़कर देखा जा रहा है। बीते मंगलवार की बात करें तो महाराष्ट्र में कोरोनावायरस के 450 नए मामले सामने आए। जो कि बीते 152 दिनों में सबसे ज्यादा हैं। पिछली बार महाराष्ट्र में इतनी ज्यादा संख्या 972 मामलों के तौर पर बीती 27 अक्टूबर को दर्ज की गई थी।
बीते दिन कोरोना से तीन मौतों की जानकारी निकलकर सामने आई है। जिसके बाद मार्च में कोविड -19 से मरने वालों की कुल संख्या 17 पहुंच गई। जो कि एक महीने में नवंबर 2022 के बाद से सबसे अधिक है। जबकि वर्तमान में राज्य में लगभग 2,500 सक्रिय मामले हैं। ओमिक्रॉन वैरिएंट एक्सबीबी 1.16 के बारे में जानकारी देते हुए सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि महाराष्ट्र में नए सब वेरिएंट के साथ 230 रोगियों का पता चला है। इनमें से 151 मामले पुणे से, 24 औरंगाबाद से, 23 ठाणे से, 11-11 कोल्हापुर और अहमदनगर से, आठ अमरावती से और एक-एक मुंबई और रायगढ़ से थे। राज्य के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जानकारी देते हुए बताया गया कि एक मरीज को छोड़कर, जिसकी मौत एक अजीब तरीके से हुई। उसके अलावा बाकी सभी मरीज इलाज के बाद ठीक हो गए हैं।