Mumbai News मुंबई(व्हीएसआरएस न्यूज) देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर मौजूद ठाणे जिले के अंबरनाथ में फ़िलहाल एक बकरे की चारों तरफ चर्चा हो रही है। इस बकरे की कीमत सुनकर आप भी दांतों तले उंगली दबा लेंगे। यह बकरा किसी लग्जरी कार से भी मंहगा है। इस बकरे की कीमत इसके मालिक ने सवा करोड़ रूपये रखी है। इस बकरे के शरीर पर ’अल्लाह’ और ’मोहम्मद’ लिखा हुआ है। इसी वजह से बकरे के मालिक ने इसकी कीमत 1 करोड़ 12 लाख 786 रुपए रखी है। इस पैसे से वह गांव में मदरसा बनवाना चाहते हैं। उन्होंने इस बकरे का नाम शेरू रखा है। आसमान छूती कीमत और शरीर पर अल्लाह और मोहम्मद लिखा होने की वजह से अब इस बकरे यानी शेरू को देखने के लिए लोगों का हुजूम इकट्ठा हो रहा है। इस बकरे के मालिक का नाम शकील शेख है।
शकील शेख अपने परिवार के साथ अंबरनाथ के तहसील कार्यालय के पीछे सिद्धार्थ नगर में रहते हैं। स्टेशन रोड पर कपड़े की दुकान चलाने वाले शकील को बकरे और बकरियां पालने का शौक है। डेढ़ साल पहले उनकी एक बकरी को एक बच्चा हुआ था। शकील ने उसका नाम शेरू रखा था। शकील ने शेरू को बचपन से बड़े प्यार से पाला है। उनका दावा है कि इस बकरे के शरीर पर पैदाइश से ही ’अल्लाह’ और ’मोहम्मद’ शब्द लिखा है।
सिर्फ दो दांत हैं
शकील के मुताबिक शेरू के केवल दो दांत हैं और उसका वजन 100 किलो है। कुर्बानी के लिए शकील ने इस बकरे की कीमत 1 करोड़ 12 लाख 786 रुपए रखी है। यह बकरा रोज सुबह शाम सेब, अंगूर, बाजरा, मक्का, चना खाता है। शकील का सपना है कि इस बकरे की बिक्री से मिले पैसे से वह उत्तर प्रदेश स्थित अपने गांव में एक मदरसा बनाना चाहते हैं।
शकील ने इसके पहले अपनी एक बकरी बेचने के लिए रखी थी। जिससे 12 लाख रुपये रखी थी। लेकिन बाद में उन्होंने इस बकरी को नहीं बेचा बल्कि खुद ईद पर कुर्बानी दी। खैर अब उनके सवा करोड़ रूपये की कीमत वाले बकरे शेरू को कोई खरीदता है या नहीं यह देखना दिलचस्प होगा। साथ ही क्या शकील का मदरसा बनाने का सपना पूरा होता है क्या?