Pcmc News पिंपरी(व्हीएसआरएस न्यूज) सेवा विकास बैंक के पूर्व चेयरमैन अमरमूलचंदानी और कुछ निदेशकों के घर ईडी ने छापा मारा है। सुबह से यह कार्रवाई जारी है। फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर 400 करोड से अधिक का ऋण वितरण घोटाला प्रकरण में यह छापेमारी की गई है। इस मामले में मूलचंदानी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था। मूलचंदानी कुछ दिन पहले जमानत पर बाहर आए है। अब एक बार फिर ईडी की छापेमारी ने चर्चाओं को तेज कर दिया है।
पिंपरी चिंचवड़ में ईडी की छापेमारी से हड़कंप मच गया है। ईडी की टीम मूलचंदानी के घर पर तैनात है। मूलचंदानी पिंपरी के मिस्ट्री पैलेस बिल्डिंग में रहते हैं। ईडी इस जगह पर गहन जांच कर रहा है। बिल्डिंग के नीचे पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसी के जवान तैनात हैं। इस भवन में किसी को भी प्रवेश करने की अनुमति नहीं है।
कहा गया कि सेवा विकास बैंक में कई महीनों से घोटाला चल रहा था। पिंपरी चिंचवड़ पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज किया था। पुलिस जांच में कर्ज के ऐसे 124 मामले सामने आए, जिनमें फर्जी दस्तावेजों से चार सौ करोड़ से ज्यादा का कर्ज बांट दिया गया। इस मामले में मूलचंदानी समेत 25 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मूलचंदानी सहित कुछ निदेशकों को गिरफ्तार किया गया था।
मूलचंदानी फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। ईडी की इस कार्रवाई पर बैंक के हजारों जमाकर्ताओं की नजर है। जमाकर्ताओं को उम्मीद है कि उन्हें राहत मिलेगी। इससे जमाकर्ता उम्मीद कर रहे हैं कि इस कार्रवाई में आगे क्या होगा।