Mumbai News मुंबई (व्हीएसआरएस न्यूज) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस को ब्लैकमेल करने के मामले में आखिरकार बुकी अनिल जयसिंघानी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुंबई पुलिस ने यह गिरफ्तारी गुजरात से की है। इस मामले ने पहले ही अनिल जयसिंघानी की बेटी अनिक्षा जयसिंघानी को गिरफ्तार किया जा चुका है। जयसिंघानी की डिजाइनर बेटी अनिक्षा ने अमृता फडणवीस को एक करोड़ रुपए की रिश्वत देने की कोशिश की थी। इस मामले में देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि यह एक ट्रैप था मुझे फंसाने के लिए। फिलहाल मामले की तफ्तीश शुरू है। अनिल जयसिंघानी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
कुछ दिन पहले अमृता फडणवीस की शिकायत के बाद मुंबई पुलिस ने डिजाइनर अनिक्षा जयसिंघानी और उसके बुकी पिता अनिल जयसिंघानी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। अनिल जयसिंघानी बीते सात साल से फरार चल रहा था। उसपर कई मामले भी दर्ज होने की बात सामने आई थी। अमृता फडणवीस मामले के बाद से पुलिस सरगर्मी से उसकी तलाश में संभावित जगहों पर दबिश दे रही थी।
अनिल जयसिंघानी की बेटी अनिक्षा ने अमृता फडणवीस से उसके पिता को एक मामले में राहत दिलाने के लिए एक करोड़ रुपए देने की पेशकश की थी। फिलहाल मामले की जांच शुरू है। इस मामले की जानकारी खुद देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में भी दी थी।