Pune News पुणे(व्हीएसआरएस न्यूज) पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी शिरीष यादगिकर ने जानकारी दी है कि दिग्गज अभिनेता विक्रम गोखले की हालत में सुधार हो रहा है। विक्रम गोखले की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले कुछ दिनों से उनका इलाज चल रहा था और अस्पताल ने कहा है कि उनकी हालत में सुधार है।
विक्रम गोखले की हालत में आशातीत सुधार हो रहा है। वे अपनी आंखें खोल रहे हैं और अपने हाथ और पैर हिला रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले 48 घंटे में उनका वेंटिलेटर सपोर्ट भी खत्म हो सकता है। उनका रक्तचाप और गुर्दे का कार्य स्थिर है, शिरीष यादगीकर ने मीडिया से बात करते हुए बताया। एक दिन पहले ही कई मीडिया संस्थानों ने गोखले के निधन की गलत खबर जारी कर दी थी। थियेटर,टेलीविजन और फिल्मों में समान रूप से काम करने वाले अभिनेता गोखले का यहां दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में कई स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज चल रहा है। वह 77 साल के हैं।
उनकी पत्नी वृशाली गोखले ने एक बयान में कहा कि उनके पति के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया है।वृशाली ने बृहस्पतिवार सुबह कहा, विक्रम गोखले की हालत पिछले 24 घंटों से गंभीर है। डॉक्टर अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं। उन पर उपचार का अपेक्षित असर नहीं हो रहा है।”बुधवार रात को उनके निधन की अफवाहों को खारिज करते हुए अभिनेता की बेटी नेहा गोखले ने बताया कि उनके पिता“अभी जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं और उनका देहांत नहीं हुआ है। उनके लिए प्रार्थना करते रहें। अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा कि गोखले वेंटिलेटर पर हैं और डॉक्टर अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं।
उनके पारिवारिक मित्र,राजेश धामले ने संवाददाताओं को बताया,डॉक्टर अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं,पर जटिलताएं बनी हुई हैं। हम आगे आपको उनके स्वास्थ्य की जानकारी देते रहेंगे। उन्होंने कहा, मैं लोगों से अनुरोध करता हूं कि उनकी सेहत को लेकर किसी तरह की अफवाहों पर भरोसा न करें। गोखले ने अमिताभ बच्चन अभिनीत अग्निपथ (1990), “हम दिल दे चुके सनम” (1999), भूल भुलैया (2007), नटसम्राट (2015) और मिशन मंगल (2019) सहित कई मराठी और बॉलीवुड फिल्मों में अभिनय किया है। उनकी हाल में रिलीज मराठी फिल्म गोदावरी थी।