Mumbai मुंबई (व्हीएसआरएस न्यूज) बप्पी दा नहीं रहे। 69 साल की उम्र में बप्पी लहिरी का मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। बप्पी लहिरी की उसकी लोकप्रियता देखनी हो उनके गानों के यूट्यूब व्यूज पर मत जाइए। अस्सी और नब्बे के दशक वाले भारत में बड़े हुए किसी भी शख्स से पूछिए कि उसके पसंदीदा डांस सॉन्ग्स कौन से हैं। यकीनन, बप्पी दो के गाने उसकी लिस्ट में जरूर होंगे। उस वक्त भारत और आसपास के देशों में डिस्को और पॉप म्यूजिक से झुमाने वाले दो ही नाम थे- बिद्दू और बप्पी दा। डिस्को डांसर, शराबी, नमक हलाल, चलते चलते… बप्पी दा के सुनहरे करियर की मशहूर फिल्में हैं। सिंथेसाइज्ड म्यूजिक से बॉलिवुड में छा जाने वाले बप्पी दा की पहचान ताउम्र भले ही डिस्को किंग ही रही हो, मगर उन्होंने कुछ बेहद खूबसूरत गाने भी बनाए हैं। हिंदुस्तानी रागों पर आधारित इन गानों में चाशनी की तरह मेलोडी घुली हुई है। बप्पी दा के कई गाने टाइमलेस क्लासिक्स हैं।
मेलोडी से भरे हुए हैं बप्पी दा के ये गाने
बप्पी दा सिर्फ डिस्को और पॉप ही नहीं, हिंदुस्तानी और क्लासिकल पर भी बराबर अधिकार रखते थे। बाजार बंद करोफ फिल्म में मुकेश से गवाया मोहे कर दे बिदा… सुनिए। विदाई के इस गीत में बप्पी दा ने शहनाई से जो दर्दभरा भाव जगाया है, वह कलेजा चीर जाता है। 1974 में आई एक लड़की बदनाम सी के रहें ना रहें चाहें… में गजब का ऑर्कस्ट्रेशन है। 70 के दशक में बॉलिवुड पर आरडी बर्मन का जादू छाया हुआ था। उसी दरम्यान, 1975 में आई एक फिल्म ने पूरी इंडस्ट्री को मजबूर कर दिया कि वह बप्पी लाहिरी का टैलेंट पहचाने। वो फिल्म थी जख्मी।
चाहे किशोर की आवाज में जलता है जिया मेरा भीगी-भीगी रातों में… हो या लता मंगेशकर के गले से निकला अभी अभी थी दुश्मनी… इस फिल्म के गानों में वेस्टर्न मेलोडी समाई हुई थी। जख्मी में ही लता मंगेशकर और पूर्णिमा ने आओ तुम्हें चांद पे… गाया जिसमें बप्पी दा ने अपनी वर्सटैलिटी दिखाई है। एक और फिल्म जिसमें बप्पी दा ने क्लासिकल म्यूजिक दिया, वह थी 1976 में आई चलते चलते। फिल्म का टाइटल गीत आज तक सुना जाता है। लता मंगेशकर की आवाज में मदूर दूर तुम रहे…में बप्पी दा पियानो पर अपनी बाजीगरी दिखाते हैं। लहू के दो रंग का मजिद ना करो…फ भी ऐसा ही गाना है।
बप्पी लहरी के पास था कितना सोना- चांदी?
डिस्को डांसर सिंगर बप्पी दा ने साल 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में दावेदारी पेश की थी। नामांकन के दौरान सिंगर ने अपनी कुल संपत्ति और सोना-चांदी का ब्यौरा दिया था। इस दौरान उन्होंने बताया कि उनके पास कुल 752 ग्राम सोना और 4.62 किलो चांदी है। ये विवरण उन्होंने 6 साल पहले दिया था।