पुणे(व्हीएसआरएस न्यूज) राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार केवल अत्यावश्यक सेवा से जुड़े कर्मचारियों की सुविधा के लिए पुणे से लोनावाला एवं वापसी के लिए विशेष उपनगरीय लोकल ट्रेन सेवाएं आगामी 12 अक्टूबर से सीमित रूप से शुरू की जा रही है। पुणे से यह विशेष लोकल क्रमांक 01482 सुबह 8:05 बजे रवाना होकर लोनावला सुबह 9:30 बजे पहुंचेगी। जबकि लोनावाला से विशेष लोकल क्रमांक 01483 सुबह 8:20 बजे रवाना होकर 9:45 बजे पुणे पहुंचेगी। दूसरी लोकल क्रमांक 01484पुणे से शाम 6:02 बजे चलकर शाम 7:27 बजे लोनावाला पहुंचेगी तथा लोनावाला से विशेष लोकल क्रमांक 01481 शाम 5:30 बजे रवाना होकर शाम 7:00 बजे पुणे पहुंचेगी।यह दोनों लोकल आने जाने में पुणे से लोनावला के बीच सभी स्टेशनों पर रुकेगी। राज्य सरकार द्वारा पुणे के पुलिस कमिश्नर को अत्यावश्यक सेवा से जुड़े लोगों को पहचान पत्र जारी करने आदि समस्त प्रक्रियाओं को देखने के लिए नोडल ऑफिसर बनाया गया है। पुलिस कमिश्नर तथा उनके द्वारा नियुक्त अधिकारियों की ओर से अत्यावश्यक सेवा से जुड़े कर्मचारियों की पहचान करके पहचान पत्र जारी किए जाएंगे तथा यह पहचान पत्र क्यू आर कोड पर आधारित होंगे। स्टेशन पर प्रवेश के लिए इन अत्यावश्यक सेवा से जुड़े लोगों को क्यूआर पहचान पत्र दिखाकर ही स्टेशन पर प्रवेश की अनुमति होगी। ऐसी जानकारी पुणे रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मनोज झंवर ने दी।
यह विशेष उपनगरीय लोकल सेवाएं केवल राज्य सरकार द्वारा निर्धारित किए गए अत्यावश्यक सेवा से जुड़े कर्मचारियों के लिए ही शुरू की जा रही है। सभी स्टेशनों पर इसके लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं यात्रियों की सुविधा के लिए सभी स्टेशनों पर सामान्य टिकट विंडो खुले रहेंगे जहां से अत्यावश्यक सेवा से जुड़े कर्मचारियों को उचित रूप से पहचान पत्र दिखाने के बाद टिकट/पास जारी किए जाने की व्यवस्था की गई है। अतः अनुरोध किया जाता है कि पुलिस प्रशासन द्वारा जारी यात्रा अनुमति के साथ स्टेशन पर उचित टिकट/पास खरीद कर ही यात्रा प्रारंभ करें।
यात्रा के इच्छुक कर्मचारियों से अनुरोध किया जाता है कि वे कोविड-19 के दिशा निर्देशों का पालन करें। मास्क पहनकर तथा सुरक्षित अंतर का ध्यान रखते हुए यात्रा करें। स्टेशन पर यात्रियों के आने और जाने के लिए पृथक व्यवस्था होगी।लोगों से यह भी अनुरोध किया जाता है कि अफवाहों पर विश्वास न करें।