National News नई दिल्ली(व्हीएसआरएस न्यूज) दिल्ली में बीजेपी और आम आदमी पार्टी फिर आमने-सामने आ गईं हैं। इस बार दोनों के बीच ’कूड़े के पहाड़’ को लेकर तनातनी हो रही है। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि नगर निगम दिल्ली में 16 नई लैंडफिल साइट बनाने जा रही है। वहीं, बीजेपी शासित नगर निगम ने इन सभी आरोपों को खारिज किया है।
दिल्ली में नगर निगम चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी और बीजेपी आमने-सामने आ गई है। दोनों पार्टियां ’कूड़े के पहाड़’ को लेकर भिड़ गईं हैं। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि नगर निगम दिल्ली में 16 नई लैंडफिल साइट बनाने जा रही है. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी आरोप लगाया कि दिल्ली को ’कूड़े की राजधानी’ बनाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली को झीलों की राजधानी में तब्दील करने की कोशिश कर रहे हैं वो दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों का शहर बनाना चाहते है।
इससे पहले गुरुवार को दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया था कि नगर निगम कचरा साफ करने की बजाय 16 नई लैंडफिल साइट बनाने जा रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पहले ही तीन लैंडफिल साइट के पास रह रहे लोग परेशान हैं और अब बीजेपी दूसरी जगहों पर रह रहे लोगों की जिंदगी भी नर्क बनाने जा रही है।
हालांकि, बीजेपी शासित नगर निगम ने आम आदमी पार्टी के इन आरोपों को खारिज किया है। नगर निगम ने एक बयान जारी कर कहा कि दिल्ली में 16 नई लैंडफिल साइट बनाने का कोई प्लान नहीं है। निगम का कहना है कि मौजूदा तीन लैंडफिल साइटों को भी समतल करने की कोशिश की जा रही है।
सीएम केजरीवाल ने कहा कि हमें तो इन कूड़े के पहाड़ों को खत्म करने के लिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की आधुनिक तकनीक को लागू करने की कोशिश करनी चाहिए थी, लेकिन ये नहीं किए। हजारों करोड़ रुपए खर्च करने के बाद भी इन कूड़े के पहाड़ों की उंचाई कम होने के बजाय प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। अगर देश की राजधानी को इस तरह कूड़ों का शहर बनाया गया, तो इससे दिल्ली समेत पूरे देश के लोग नाराज होंगे।
उन्होंने कहा कि हम कल्पना कर सकते हैं कि अगर 16 कूड़े के पहाड़ पूरी दिल्ली में जगह-जगह बन गए, तो लगभग सारी दिल्ली के लोग 24 घंटे बदबू का शिकार होंगे। लोगों के घर में 24 घंटे बदबू आएगी। लगभग हर इलाके अंदर एक कूड़े का पहाड़ होगा। 24 घंटे इनसे बदबू आएगा. पूरी दिल्ली में चारों तरफ मच्छर और मक्खी होंगे. चारों तरफ धुआं ही धुआं होगा और दिल्ली एक तरफ से कूड़े के पहाड़ों की राजधानी बन जाएगी।
कितनी बड़ी है कूड़े की समस्या?
दुनियाभर में कूड़ा बड़ी समस्या बनता जा रहा है। वर्ल्ड बैंक के मुताबिक, 2020 में दुनियाभर में 2.24 अरब टन कचरा पैदा हुआ था। यानी, हर व्यक्ति ने हर दिन 0.79 ग्राम कचरा पैदा किया। वर्ल्ड बैंक का अनुमान है कि जिस तेजी से आबादी बढ़ रही है, उस हिसाब से 2050 तक कूड़ा और बड़ी समस्या बन जाएगा। वर्ल्ड बैंक के मुताबिक, 2050 में 3.88 अरब टन कचरा पैदा होने का अनुमान है।