व्हीएसआरएस न्यूज़ मुंबई : महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर चैत्यभूमि पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन, चिकित्सा और शौचालय आदि की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई महानगरपालिका प्रशासन को दिया। मुख्यमंत्री ने आज चैत्यभूमि और शिवाजी पार्क का दौरा किया और मनपा प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए अनुयायियों से बातचीत भी की।
भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर देश भर से लाखों अनुयायी दादर स्थित चैत्यभूमि पर आते हैं। चैत्यभूमि और परिसर में मुंबई महानगरपालिका की ओर से श्रद्धालुओं लिए विभिन्न सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। मुख्यमंत्री ने स्वयं इन सुविधाओं का निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की।
शाम करीब साढ़े छह बजे मुख्यमंत्री चैत्यभूमि पहुंचे और वहां महामानव डॉ. बाबासाहेब का अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने चैत्यभूमि में तैयारियों का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने बीएमसी जिमखाना का दौरा किया और लाखों श्रद्धालुओं के लिए की गई भोजन व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद वे शिवाजी पार्क गए और मुंबई महानगरपालिका द्वारा बनाई गई आवास सुविधा का निरीक्षण किया। वहां मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से आए श्रद्धालुओं से बातचीत की।
महामानव डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को हर साल उनके लाखों अनुयायी अभिवादन करने आते हैं।श्रद्धालुओं को पूरी सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। उसका सख्ती प्रबंधन किया जाए। भीड़ पर नियंत्रण रखने के साथ ही वहां मेडिकल व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। यह निर्देश मुख्यमंत्री ने मनपा आयुक्त आई.एस. चहल को दिया। इस मौके पर मुंबई के पालक मंत्री दीपक केसरकर, विधायक सदा सरवणकर, महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त आशीष शर्मा, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर महापरिनिर्वाण दिवस समन्वय समिति के महासचिव नागसेन कांबले सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
इस निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री श्री शिंदे ने शिवाजी पार्क में शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे के स्मृति स्थल पर जाकर उनका अभिवादन किया।