Mathura News: मथुरा(व्हीएसआरएस न्यूज) श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर देश विदेश से भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन को आ रहे भक्तों के लिए उनकी जन्मस्थली को सजा दिया गया है। मथुरा के सभी प्रवेश द्वारों पर साज सज्जा की गई है। तिराहे और चौराहों को भी भव्य स्वरूप दिया गया है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से एक दिन पहले ही 10 लाख से अधिक लोगों ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान के दर्शन किए हैं। इस स्थिति में श्रीकृष्ण जन्मस्थान का मुख्य द्वार पर दिन भर भीड़ उमड़ती रही। भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
मथुरा में जन्माष्टमी पर चारो तरफ उल्लास का वातावरण छाया हुआ है। घर-घर के साथ-साथ जिले से हर मंदिर में कन्हैया के जन्म की तैयारियां चल रही हैं। वहीं कन्हैया के भक्तों के लिए ब्रजवासियों ने जगह-जगह भंडारों का भी आयोजन किया है। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर खुफिया तंत्र भी सक्रिय हो गई है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि के आसपास होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशाला में ठहरे लोगों का पता किया जा रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों को भी सजग किया गया है। संदिग्ध नजर आने पर उनकी तत्काल ही जानकारी देने को कहा गया है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा में अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था की गई है। आतंकवादी निरोधक दस्ता (एटीएस) ने पैनी निगाह रखी हुई है, तो वहीं आज सुबह से ही बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और श्वान दल अलर्ट दिखे। जन्मस्थान के रेड जोन, यलो जोन और ग्रीन जोन में किसी को भी बिना तलाशी के अंदर नहीं आने दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने दी बधाई और शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता को जन्माष्टमी की बधाई और शुभकामनाएं दी है। सीएम कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का धरा पर अवतरण धर्म, सत्य और न्याय की स्थापना के लिए हुआ था। उनका जन्म धर्म, सत्य और न्याय की स्थापना एवं अधर्म, अन्याय और अत्याचार समाप्त करने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीकृष्ण ने भगवत गीता के माध्यम से ज्ञान, कर्म एवं भक्ति योग का जो संदेश दिया, उसकी प्रासंगिकता शाश्वत है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मंदिरों में होने वाले कार्यक्रम
राधारमण मंदिर में प्रात: 9 बजे से बजे तक दूध, दही, घी, शहद, शक्कर आदि 54 प्रकार की वनौषधियों से ठाकुर राधा रमणलाल के श्रीविग्रह के अभिषेक दर्शन होंगे।
राधादामोदर मंदिर में प्रात: 9 बजे श्री गिरिराज चरणशिला का महादुग्धाभिषेक होगा।
शाह बिहारी मंदिर में 9.30 बजे से दूध, दही, घी, शहद, शक्कर आदि से ठाकुर राधा रमणलाल जू के श्रीविग्रह का अभिषेक होगा।
यशोदानंदन धाम में सायं 6 बजे से श्रीकृष्ण जन्मकाल तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। नंदोत्सव के पर्व पर प्रात: 10 बजे मटकी फोड़ लीला तथा देर रात्रि तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
जनजन के आराध्य ठाकुर बांकेबिहारी महाराज पीत वस्त्रों में सजेंगे। मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर रात्रि 12 बजे ठाकुर बांकेबिहारीजी के श्रीविग्रह का दूध, दही, बूरा, शहद और घी से अभिषेक होगा। इसके बाद ठाकुरजी को पीत रंग की पोशाक धारण कराई जाएगी। मंदिर के सेवायत ने प्रह्लाद वल्लभ गोस्वामी ने बताया कि रात लगभग 2 बजे मंगला आरती के दर्शन होंगे और विशेष थालों में ठाकुरजी को भोग भी निवेदित किए जाएंगे। इधर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर वृंदावन में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। पर्व मनाने के लिए हजारों भक्त एवं श्रद्धालुओं के जनसमूह का आना प्रारंभ हो गया है।