National News शिमला(व्हीएसआरएस न्यूज) सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री बन गए है। शिमला के रिज मैदान में राहुल गांधी समेत पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी की मौजूदगी में उन्होंने रविवार को सीएम पद की शपथ ली। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल भी मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण से पहले हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह से उनके घर पहुंचकर मुलाकात की। प्रतिभा सिंह के मुलाकात के बाद सुक्खू ने कहा कि प्रतिभा सिंह राज्य में पार्टी की मुखिया हैं। सभी उनके मार्गदर्शन में काम करते हैं। इसलिए वह उन्हें शपथ ग्रहण पर आमंत्रित किया गया।
हिमाचल में शपथ ग्रहण समारोह से ठीक पहले सुक्खू ने बताया कि वे एक साधारण कार्यकर्ता थे। उनके पिता हिमाचल रोडवेज में ड्राइवर थे। उन्होंने शिमला में दूध बेचकर एनएसयूआय से अपना करियर शुरू किया। सुक्खू ने आगे कहा कि अब राजनीति में बदलाव हो रहा है और कांग्रेस में साधारण कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेदारियां मिल रही हैं। हिमाचल का परिणाम देश की राजनीति में बड़ा बदलाव लेकर आएगा।
राहुल और प्रियंका गांधी शिमला पहुंचे
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए शिमला पहुंचे थे। दोनों संजोली हेलीपैड पर उतरे और यहां से कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।
लोगों की सेवा करेगा बेटा, बोलीं सुक्खू की मां
शपथ ग्रहण समारोह से पहले सुखविंदर सिंह सुक्खू की मां संसार देवी शिमला के संजोली हेलीपैड पर पहुंची। यहां सुक्खू ने उनकी अगवानी की। उनकी मां ने कहा कि उनका बेटा एक सेवादार है और वह लोगों की सेवा करता रहेगा।