National News अयोध्या(व्हीएसआरएस न्यूज) दीपोत्सव के अवसर पर पूरी अयोध्या राममय हो गई है। आज अयोध्या में 15 लाख दीपों को एक साथ प्रज्ज्वलित कर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे। उन्होंने अयोध्या पहुंचते ही सबसे पहले रामलला के दर्शन किए और फिर राम मंदिर निर्माण की प्रगति देखी। उन्होंने रामकथा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में वन से लौटे भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक किया।
भगवान राम के आदर्शों पर चलना सभी भारतीयों का कर्तव्य-प्रधानमंत्री
पीएम मोदी ने कहा कि भगवान राम के आदर्शों पर चलना हम सभी भारतीयों का कर्तव्य है. हमने हमारी आस्था के स्थानों के गौरव को पुनर्जीवित किया है.उन्होंने कहा कि हमने भारत के तीर्थों के विकास की एक समग्र सोच को सामने रखा है। आज़ादी के अमृतकाल में देश ने अपनी विरासत पर गर्व और गुलामी की मानसिकता से मुक्ति का आवाहन किया है। पीएम ने कहा कि राम किसी को पीछे नहीं छोड़ते। राम कर्तव्यभावना से मुख नहीं मोड़ते। उन्होंने कहा कि पंच प्राणों की ऊर्जा जिस एक तत्व से जुड़ी हुई है, वो है भारत के नागरिकों का कर्तव्य। इस बार दीपावली एक ऐसे समय में आई है, जब हमने कुछ समय पहले ही आजादी के 75 वर्ष पूरे किए हैं, हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं।
भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी भगवान राम की ’संकल्प शक्ति’
पीएम मोदी ने कहा कि श्री रामलला के ’दर्शन’ और फिर राजा राम के ’राज्याभिषेक’, यह सौभाग्य भगवान राम की कृपा से ही प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि यह दीपावली ऐसे समय पर आई है जब हमने आजादी के 75 साल पूरे कर लिए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भगवान राम की ’संकल्प शक्ति’ भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
पीएम मोदी ने देशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी। अयोध्या के दीपोत्सव में पीएम मोदी पहली बार दिखे। उन्होंने भगवान राम से सीखने को कहा।