नई दिल्ली(व्हीएसआरएस न्यूज) हाथरस कांड को लेकर सियासत उफान पर है। लखनऊ से लेकर दिल्ली और देश के अलग-अलग शहरों में प्रदर्शन हो रहे हैं। कांग्रेस लगातार यूपी की योगी सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एक बार फिर हाथरस जा रहे हैं। वो दिल्ली स्थित कांग्रेस दफ्तर से अन्य नेताओं के साथ निकल गए है।
दिल्ली से हाथरस जाने के लिए राहुल गांधी पूरे लाव-लश्कर के साथ निकले। डीएनडी पहुंचे राहुल की कार बहन प्रियंका गांधी खुद चला रही हैं। राहुल और प्रियंका के साथ 35 सांसदों का डेलीगेशन जा रहा है। अपने नेता को देख उत्साहित कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के लिए जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं। डीएनडी पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
सांसद दो बसों में सवार हैं. नोएडा बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। डीएनडी पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। दूसरी तरफ, राजधानी लखनऊ में यूपी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। लखनऊ के बहुखंडी स्थित लल्लू के आवास पर भी भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
आवास पर तैनात पुलिसकर्मी अजय लल्लू को कहीं भी आने-जाने की इजाजत नहीं दे रहे हैं। बताया जाता है कि अजय लल्लू के आवास पर आधी रात के बाद 1 बजे से ही भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अजय कुमार लल्लू की सुरक्षा को देखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।