पुणे(व्हीएसआरएस न्यूज) सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति पी बी सावंत का पुणे में निधन हो गया है। उन्होंने पुणे में अपने निवास पर सुबह 9.30 बजे अंतिम सांस ली। वे 91 वर्ष के थे। उनके पार्थिव शरीर का मंगलवार सुबह बाणेर में अंतिम संस्कार किया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार कार्डियक अटैक के कारण उनका निधन हुआ। उनकी बेटी सुजाता माने ने ऐसी जानकारी दी।
एक बहुत ही सख्त अनुशासनात्मक न्यायाधीश के रुप में पी बी सावंत की पहचान थी। उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों में फैसले दिए थे। पुणे में आयोजित पहले एलगार सम्मेलन की अध्यक्षता उनके द्वारा की गई थी। 30 जून,1930 को सावंत का जन्म हुआ। उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री (एलएलबी) की थी। उन्होंने मुंबई उच्च न्यायालय और बाद में उच्चतम न्यायालय में वकालत की। 1973 में उन्हें मुंबई उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया। जून 1982 की एयर इंडिया की विमान दुर्घटना की जाँच उनके कार्यकाल के दौरान हुई। उन्हें 1989 में सुप्रीम कोर्ट में नियुक्त किया गया था। इस दौरान तत्कालीन मंत्री नवाब मलिक,पद्मसिंह पाटिल,सुरेश जैन और विजयकुमार गावित पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे। सावंत की अध्यक्षता में एक समिति नियुक्त की गई। 23 फरवरी 2005 को उनकी रिपोर्ट प्रस्तुत की गई,जिसमें नवाब मलिक,पद्मसिंह पाटिल और सुरेश जैन को आरोपित किया गया। लेकिन विजयकुमार गावित को बरी कर दिया गया। सुरेश जैन और नवाब मलिक को इस्तीफा देना पडा था। 2002 के गुजरात दंगों की जांच करने वाले पैनल का भी हिस्सा रहे हैं