- 75 लाख मतदाता 191 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे
- सबकी नजरें हॉट सीट नंदीग्राम सीट पर टिकीं
किस जिले की कितनी सीटों पर वोटिंग
- पूर्व मेदिनीपुर –नौ सीट। तमलुक, पांसकुड़ा पूर्व, पांसकुड़ा पश्चिम, मोयना, नंदकुमार, महिषादल, हल्दिया (सुरक्षित), नंदीग्राम व चंडीपुर।
- पश्चिम मेदिनीपुर –नौ सीट- खड़गपुर सदर, नारायणगढ़, सबंग, पिंगला, डेबरा, दासपुर, घाटाल (सुरक्षित), चंद्रकोना (सुरक्षित) व केशपुर (सुरक्षित)
- बांकुड़ा-आठ सीट। बांकुड़ा, बारजोरा, ओंदा, बिष्णुपुर, कतुलपुर (सुरक्षित), इंडस, सोनामुखी (सुरक्षित) व तालडांगरा।
- दक्षिण 24 परगना-चार सीट। गोसाबा (सुरक्षित), पाथरप्रतिमा, काकद्वीप व सागर।
कोलकाता| व्हीएसआरएस न्यूज: बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में हल्की हिंसा के बीच सुबह 9.30 बजे तक 15.72 फीसद मतदान हुआ। चार जिलों की 30 सीटों के विभिन्न बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ देखी गई। इस बीच आरोप लगाने का दौर जारी है। पश्चिम मेदिनीपुर में बवाल मचा हुआ है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने पश्चिम मेदिनीपुर के केशपुर में उसके महिला पोलिंग एजेंट पर हमला किया है। पोलिंग एजेंट को अस्पताल ले जाया गया। भाजपा नेता तन्मय घोष की कार में तोड़फोड़ की गई। वहीं पुलिस ने डेबरा के भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह को हिरासत में ले लिया। यहां से भाजपा उम्मीदवार भारती घोष ने टीएमसी पर नवापारा में उनके पोलिंग एजेंट को बूथ पर जाने से रोकने का आरोप लगाया। वही सूबे के चार जिलों की कुल 30 सीटों के लिए वोट पड़ रहे हैं। इनमें पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा और दक्षिण 24 परगना शामिल हैं। कोरोना संबंधित नियमों का पालन करते हुए चुनाव हो रहे हैं। मतदान के समय भी बढाया गया है।
हालांकि बंगाल ही नहीं पूरे देश निगाहें नंदीग्राम सीट पर हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी व सुवेंदु अधिकारी के आमने-सामने होने से यह सीट बंगाल चुनाव का हॉट सीट बन गया है। सुवेंदु पिछले साल दिसंबर में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। दोनों की प्रतिष्ठा दांव पर है। यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। धार 144 लागी है। हेलीकाप्टर का भी पहरा है। यहां के सारे मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित कर दिए गए हैं। वेब कास्टिंग की भी व्यवस्था है। नंदीग्राम के सभी प्रवेश व निकासी केंद्रों पर कड़ा पहरा है। वे लोग,जो नंदीग्राम के मतदाता नहीं हैं, उनके प्रवेश पर भी रोक है। यहां कुल 2.75 लाख मतदाता हैं।
ईवीएम को लेकर तृणमूल ने चुनाव आयोग से शिकायत की
दूसरे चरण के मतदान के बीच सत्तारूढ़ तृणमूल ईवीएम में गड़बड़ी को लेकर दर्जनों शिकायतें की है। पार्टी ने दर्जनों शिकायतों की पूरी सूची चुनाव आयोग को सौंपी है। पूर्व मेदिनीपुर और बांकुड़ा जिले में कई बूथों पर ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाया है।
– पुलिस ने डेबरा के भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह को हिरासत में लिया। यहां एक मतदान केंद्र के पास हंगामा हुआ। मौके पर सुरक्षाबल मौजूद हैं।
–पश्चिम मेदिनीपुर जिले में टीएमसी कार्यकर्ता की हत्या का आरोप
बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले पश्चिम मेदिनीपुर जिले में सत्तारूढ़ टीएमसी के एक कार्यकर्ता की हत्या का मामला सामने आया है। तृणमूल ने भाजपा पर पार्टी कार्यकर्ता की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है। गौरतलब है कि दूसरे चरण में आज पश्चिम मेदिनीपुर सहित कई जिलों में 30 सीटों पर सुबह से ही मतदान हो रहा है।
–पश्चिम मेदिनीपुर जिले के डेबरा में मतदान के दौरान बवाल
बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के बीच पश्चिम मेदिनीपुर जिले के डेबरा विधानसभा क्षेत्र में सियासी बवाल मचा हुआ है। तृणमूल और भाजपा दोनों ही दल एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। इस सीट से भाजपा प्रत्याशी व पूर्व आईपीएस अधिकारी भारती घोष ने आरोप लगाया है कि तृणमूल कांग्रेस के गुंडे उनके वोटरों को धमका रहे हैं।
वही भारतीय जनता पार्टी के नंदीग्राम से उम्मीदवार सुवेन्दु अधिकारी ने वोट डालने के बाद कहा कि मैं लोगों से बड़ी संख्या में अपना वोट डालने की अपील करता हूं, क्योंकि पूरा देश की नजर नंदीग्राम पर है। लोग यह देखने के लिए इंतजार कर रहे हैं कि विकास के जीत मिलती है या तुष्टिकरण की राजनीति को। भाजपा और विकास की जीत होगी। पूरे बंगाल में परिवर्तन की लहर चल रही है। बेरोजगारी के कारण ममता बनर्जी की सरकार के खिलाफ मतदान हो रहे हैं। 80-85% मतदान होने चाहिए और हिंसा नहीं होनी चाहिए।
केंद्रीय बलों की लगभग 800 कंपनियां तैनात
आपको बताते चले कि चार जिलों के 30 सीटों पर केंद्रीय बलों की लगभग 800 कंपनियां तैनात हैं। छह सीट संवेदनशील घोषित हैं। कुल 10,620 मतदान केंद्र हैं और करीब 76 लाख मतदाता हैं। 171 प्रत्याशियों में से 43 के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज है। कुल 171 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से 19 महिलाएं व 152 पुरुष उम्मीदवार हैं। इनमें से कुल 26 करोड़पति प्रत्याशी हैं। कुल प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 96.33 लाख रुपये हैं। 19 करोड़ 21 लाख रुपये के साथ डेबरा सीट से भाजपा की भारती घोष सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। वहीं 500 रुपये के मालिक बांकुड़ा सीट से बसपा के साधन चट्टराज सबसे कम संपत्ति वाले प्रत्याशी हैं। 63 प्रत्याशियों की शैक्षिक योग्यता पांचवीं से बारहवीं तक, जबकि 101 प्रत्याशियों की स्नातक व उससे अधिक है।
हॉट सीट
नंदीग्राम- ममता बनर्जी बनाम सुवेंदु अधिकारी। डेबरा- भाजपा प्रत्याशी और पूर्व आइपीएस अधिकारी भारती घोष का टक्कर टीएमसी के प्रत्याशी और चंदननगर के पूर्व पुलिस आयुक्त हुमायूं कबीर से है। खड़गपुर सदर- अभिनेता हिरणमय चटर्जी को भाजपा ने टिकट दिया है। बांकुड़ा से टीएमसी ने सायंतिका बनर्जी को टिकट दिया है। इसके अलावा मोयना से टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज अशोक डिंडा भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।
आठ चरण में मतदान
राज्य में 294 सीटों पर आठ चरण में मतदान होने हैं। पहले चरण का मतदान 27 मार्च को हुआ। दूसरे चरण का मतदान- 1 अप्रैल, तीसरे चरण का मतदान- 6 अप्रैल, चौथे चरण का मतदान- 10 अप्रैल, पांचवें चरण का मतदान- 17 अप्रैल, छठे चरण का मतदान- 22 अप्रैल, सातवें चरण का मतदान- 26 अप्रैल और आठवें चरण का मतदान- 29 अप्रैल को होगा। नतीजे दो मई को आएंगे।