पुणे । व्हीएसआरएस न्यूज़ : भारत में कोरोनावायरस अब बेकाबू होता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में 2 लाख से अधिक नए मामले सामने आए हैं। यह लगातार दूसरा दिन है जब कोरोना के मरीजों की संख्या 2 लाख से अधिक दर्ज की गई है। इसी के साथ कोरोना ने पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, हालात यह कि कि देश के कई बड़े शहरों में स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है और मौतों की संख्या में दिन प्रतिदिन बढ़ोतरी देखी जा रही है।
” कोरोना वायरस की दूसरी लहर पहली के मुकाबले खतरनाक होती जा रही है। साथ ही मरीजों की मौत के मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में 63,729 और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19,486 नए मामले सामने आए हैं। “
भारत में कोरोना वायरस संक्रमण से महाराष्ट्र और दिल्ली बुरी तरह प्रभावित है। शुक्रवार 16 अप्रैल, 2021 को सरकार ने डेटा जारी कर बताया कि दोनों राज्यों में आज रिकॉर्ड मामलों की पुष्टि हुई है। ये आंकड़े इसलिए भी चौंकाते हैं क्योकि देश में लगातार दूसरे दिन दो लाख से ज्यादा संक्रमितों की पुष्टि हुई है. रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में 19,489 और महाराष्ट्र में पिछले चौबीस घंटे में 63,729 नए मामलों की पुष्टि हुई।
महाराष्ट्र में पहली बार इतने ज्यादा कोरोना केस और मौतें..
देश में कोरोना से सबसे अधिक महाराष्ट्र प्रभावित है। महाराष्ट्र में नाइट कर्फ्यू, वीकेंड लॉकडाउन और अब लॉकडाउन के बावजूद कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होने का नाम नहीं ले रही है। पिछले 24 घंटे में राज्य में कोरोना के रिकॉर्ड 63,729 केस सामने आए हैं तो करीब 398 मरीजों की मौत हो गई है। कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 59,551 हो गई है। ये आंकड़े महामारी की शुरुआत के बाद से सर्वाधिक हैं। इस बीच 45 हजार से अधिक लोगों को इलाज के बाद छुट्टी भी दी गई है। एक सरकारी रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में अभी तक 2,33,08,878 लोगों की कोरोना जांच की गई है जिनमें 37,03,584 लोगों को संक्रमण की पुष्टि हुई है । इसने बताया कि अभी 35 लाख से ज्यादा लोग होम क्वारंटाइन हैं और 25 हजार से ज्यादा संस्थागत क्वारंटाइन हैं।
मुंबई में आज कोरोना केसों में मामूली गिरावट दिखी है। देश की आर्थिक राजधानी में पिछले 24 घंटे में 8839 लोग संक्रमित पाए गए तो 53 लोगों की मौत हुई है। मुंबई में अब तक कुल 5,61,998 लोग इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं तो कुल 12,242 लोगों की जान जा चुकी है। यहां अब तक 4,63,344 लोग संक्रमण उस उबर चुके हैं तो 85,226 लोगों का इलाज चल रहा है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 हजार से अधिक मामले आए सामने, 141 मरीजों की मौत..
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस बीच कोविड-19 से 141 लोगों की मौत हुई जो शहर में एक दिन के लिहाज से सबसे बड़ी संख्या है। राजधानी में एक्टिव केस की संख्या भी रिकॉर्ड 61 हजार के पार चली गई है। राजधानी में संक्रमितों की संख्या रोज नए रिकॉर्ड बना रही है। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को कोरोना के 19,486 नए केस मिले, जबकि 141 लोगों की मौत हो गई। कोरोना के सक्रिय मामले भी 60 हजार के पार पहुंच गए हैं। इस दिन की संक्रमण दर गुरुवार के मुकाबले घटकर 19.69 रही है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, गुरुवार को 12,649 लोग स्वस्थ हुए। दिल्ली में अब कुल मरीजों की संख्या 8,03,623 पहुंच गई है। इसमें से 7,30,825 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक 11,793 लोगों की मौत हो चुकी है।