पिंपरी(व्हीएसआरएस न्यूज) पिंपरी चिंचवड मनपा सीमा में नाइट कर्फ्यू लगने से 25 दिसंबर की रात कई होटलों में बुकिंग क्रिसमस पार्टी रद्द कर दी गई। जिसके कारण होटल मालिकों को करीबन 10 करोड का नुकसान होने का अनुमान है। पहले 6 महिने कोरोना काल में पहले से होटल व्यवसाय दम तोड रहे अब क्रिसमस,न्यू ईयर की आयोजित पार्टियां रद्द होने से मिलने वाली कमाई भी खटाई में पड गई है।
ब्रिटेन में तेजी से फैल रहे एक अलग रुप वाले कोरोना के कारण भारत में हडकंप मचा हुआ है। सारी ब्रिटेन की उडानें रद्द कर दी गई। राज्य सरकारें भी एक्शन में आ गई। महाराष्ट्र सरकार ने पूरे महाराष्ट्र में नाईट कर्फ्यू घोषित कर रखा है। रात 11 से 6 बजे तक कर्फ्यू लगाया गया है। क्रिसमस और नए साल का जश्न रात में आयोजित होता है। कर्फ्यू ने सारा खेल बिगाड कर रख दिया है। लेकिन नागरिकों की जान बचाने के लिए शासन प्रशासन ने कठोर निर्णय लिया है तो सबको स्वागत करना चाहिए क्योंकि जान है तो जहान है। हर साल क्रिसमस और नया साल आता जाता रहेगा। होटल व्यवसाय में नुकसान की पूर्ति भी बाद में की जा सकती है।
होटल व्यवसायियों ने इस उद्देश्य के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए थे कि वर्ष की छुट्टियों के अंत में अच्छा व्यवसाय होगा। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न रियायतें दी जानी थीं। चौक चौराहों पर लूभाने वाले बोर्ड,फलक लगाए गए थे। हालांकि प्रतिबंध लगाए जाने से होटल व्यवसायियों को निराशा हुई है।