आरा| व्हीएसआरएस न्यूज: सदर अस्पताल, आरा में बुधवार की सुबह प्रसव के दौरान एक नवजात की मौत हो गई। इसके बाद लोगों ने जमकर हो-हंगामा मचाया। आक्रोशित लोग ड्यूटी पर कार्यरत नर्सों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहे थे। इस दौरान गुस्साए लोगों ने स्त्री सह प्रसूति वार्ड का गेट तोड़ दिया। इस कारण अफरातफरी की स्थिति हो गई। सूचना पर पहुंची नगर थाने की पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। इस बाबत मृत शिशु के पिता ने थाने में में आवेदन कर कार्रवाई की मांग की है।
आधी रात को प्रसव के लिए आई थी प्रसूता
मिली जानकारी अनुसार आरा टाउन थाना क्षेत्र के गौसगंज गांगी, शीशा फैक्ट्री निवासी रवि भूषण सिंह की गर्भवती पत्नी ज्योति देवी को मंगलवार की रात 12 बजे दर्द शुरू हुआ। इसके बाद उन्हें प्रसव के लिए सदर अस्पताल, लाया गया था। रविभूषण सिंह के अनुसार प्रसव के लिए लाए जाने के बाद महिला डॉक्टर के बारे में पूछा गया तो टाल- मटोल की जाने लगी। नर्सों ने ही चेकअप किया।
वही मृत के पति रवि भूषण सिंह ने बताया कि बुधवार की सुबह सूई देकर प्रसव कराया गया। इसके पहले प्रसूता के पेट पर अधिक वजन दिया गया। उसके बाद ही प्रसव हुआ। करीब एक घंटे बाद बताया गया कि शिशु की हालत ठीक नहीं है। इसके बाद वे शिशु विशेषज्ञ से दिखाने गए तो बताया गया कि वह मर चुका है।
इधर,शिशु की मौत के बाद स्वजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। ड्यूटी पर कार्यरत नर्सों को मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए जमकर हो-हंगामा किया गया। प्रसूति वार्ड के गेट को तोड़ दिया गया। बाद में सूचना मिलने पर टाउन थाना की पुलिस पहुंची। स्थिति को संभाला गया।