दरभंगा| व्हीएसआरएस न्यूज: जिले के घनश्यामपुर थानाक्षेत्र के रसियारी गांव में बुधवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने सेवानिवृत्त उद्यान पदाधिकारी गणपति झा के घर पर धावा बोल गृहस्वामी और उनके साथी रिटायर्ड शिक्षक पर हमला कर हजारों की संपत्ति लूट ली। डकैती के दौरान बदमाशों ने पहले गृहस्वामी गणपति झा के साथ उनके घर में रह रहे उनके मित्र सेवानिवृत शिक्षक मुनी चौपाल (70) पर हमला किया। मौके पर ही उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
मुनी की हत्याकर बदमाशों ने गणपति को आवाज लगाई। उन्हें लगा कि शिक्षक बुला रहे हैं। वो जैसे ही अपने कमरे से बाहर निकले बदमाशों ने उनपर रॉड से प्रहार कर दिया और कनपट्टी पर पिस्तौल सटाकर कमरे में प्रवेश कर गए। आलमीरा तोड़कर उसमें रखे 50 हजार नकदी निकाल लिए। फिर बगल में स्थित उनके पुत्रों के दो कमरों का ताला तोड़कर उसमें रखा सामान भी लूट लिया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की है। इस सिलसिले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है।
मिली जानकारी अनुसार सेवानिवृत उद्यान पदाधिकारी गणपति झा के दो पुत्र बाहर रहते हैं। घर पर अपने मित्र मुनी चौपाल के साथ वो अकेले रहते थे। बुधवार की रात करीब पांच की संख्या में बदमाशों ने उनके घर पर धावा बोला। दरवाजे पर लगे ग्रील को तोड़ दिया। ग्रील तोड़कर जैसे ही घर में घुसे गणपति के मित्र सेवानिवृत्त शिक्षक मुनी ने विरोध किया। बदमाशों ने उनपर हमला किया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद गणपति के सिर पर वार कर घर में रखी संपत्ति व नकदी लूटकर भाग गए। इस बीच घटना की जानकारी गणपति के पुत्रों को मिली है। इसके बाद दोनों गांव के लिए रवाना हुए हैं। दोनों के आने के बाद लूटी गई संपत्ति के बारे में वास्तविक जानकारी मिल सकेगी।
डीएसपी के नेतृत्व में चल रही कार्रवाई
आपको बताते चले कि घटना की सूचना मिलने के बाद बिरौल के पुलिस उपाधीक्षक दिलीप कुमार झा व थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद गृहस्वामी गणपति झा से आवश्यक जानकारी ली है। एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है। हिरासत में लिए गए संदिग्ध से सघन पूछताछ चल रही है।