खगडिय़ा| व्हीएसआरएस न्यूज: परबत्ता थाना क्षेत्र के कबेला- बलहा के बीच नास बहियार में बीते बुधवार को एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया था। आरंभिक जांच-पड़ताल में सामने आया कि युवक की हत्या मंगलवार की रात कर अपराधियों ने शव उक्त बहियार में फेंक दिया। युवक का चेहरा क्षत-विक्षत था। शुक्रवार को उक्त शव की पहचान हो गई है।
हालाँकि परबत्ता थानाध्यक्ष प्रियरंजन के अनुसार उक्त शव की पहचान भागलपुर जिले के बाथ थाना अंतर्गत कुमेठा के सन्नी मिश्रा के रूप में हुई है। सन्नी मिश्रा रेलवे के ग्रुप डी में नौकरी करता था। मंगलवार की रात वह घर से ससुराल जाने के नाम पर निकला था। लेकिन ससुराल नहीं पहुंचा। सन्नी मिश्रा का सुसराल भागलपुर जिले के नवगछिया इलाके में गौरीपुर में था। लेकिन ससुराल वाले भागलपुर शहर में रहते हैं। अब तक हत्या के मामले का पर्दाफाश नहीं हुआ है। मृतक सन्नी के स्वजन भागलपुर से परबत्ता के लिए चल दिए हैं। मृतक सन्नी के पिता संजय मिश्रा हैं।
वही परबत्ता थानाध्यक्ष प्रियरंजन ने इस बारे में बताया कि नास बहियार में मिले अज्ञात शव की पहचान हो गई है। मृतक भागलपुर जिले के बाथ थाना स्थित कुमैठा गांव का रहने वाला था। युवक की हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है।