पटना| व्हीएसआरएस न्यूज: एक बार फिर से बिहार में 30 वर्ष बाद राम जन्मभूमि न्यास निधि संग्रह अभियान के जरिए भाजपा भविष्य के कई उद्देश्यों को साधेगी। हालाँकि 1990 में शिलापूजन निधि संग्रह के समय भी इसी तरह घर-घर पहुंचने का अभियान विश्व हिंदू परिषद की अगुवाई में चलाया गया था। जनाधार विस्तार के लिए फिर सर्वसमाज के बीच पहुंचने का खाका तैयार किया गया है। निधि संग्रह को टोलियां मुस्लिम परिवारों के बीच भी जाएंगी।
मिडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े हजारों स्वयंसेवकों के साथ भाजपा ने लाखों कार्यकर्ताओं को इस मुहिम में उतारने की रणनीति तैयार की है। बिहार में इस बार विहिप की अगुवाई में करीब 15 हजार टोलियां गठित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 45 हजार गावों के लिए नौ हजार और शहरी क्षेत्रों के लिए छह हजार टोलियां बनेंगी। दस करोड़ लोगों को लक्ष्य बनाकर समाज के हर वर्ग तक पहुंचने का लक्ष्य तय किया गया है। निधि संग्रहण अभियान के दक्षिण बिहार प्रभारी कामेश्वर चौपाल और उत्तर बिहार प्रभारी जीवेश्वर मिश्र कहते हैं कि 27 दिसंबर तक टोलियां बनाने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। संक्रांति के बाद 15 जनवरी को अभियान के श्रीगणेश का मुहूर्त तय किया गया है। 27 फरवरी माघ पूॢणमा और संत रविदास जयंती तक निधि संग्रह अभियान चलेगा।
यह दुनिया का सबसे बड़ा अभियान होगा
आपको बताते चले कि भाजपा के बूथ से लेकर शक्ति केंद्र प्रभारी तक अभियान के कर्णधार बनेंगे। चार से पांच गांवों पर एक टोली बनेगी। शहरों में दो हजार की आबादी पर एक टोली बननी है। बकौल जीवेश्वर मिश्र, शहरों में निधि संग्रहण के लिए महानगर के नगर, उप नगर और बस्ती समितियां बनाकर टोलियां बनाई जाएंगी। निधि संग्रह के लिए एसबीआइ, पीएनबी और बीओबी के खाता नंबर भी सार्वजनिक किए जाएंगे। धन का हिसाब जिला स्तर पर रखने का खाका तैयार किया गया है। 44 दिनों तक चलने वाला यह दुनिया का सबसे बड़ा अभियान होगा, जो लोगों में राष्ट्रीयता का भाव जगाएगा। रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास की ओर से 10 रुपये, 100 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक सहयोग लेने की तैयारी है। इसके लिए कूपन वितरित किया जाएगा।